न्याय यात्रा से पहले लोकसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा होगा तो शामिल होंगे सभी दल : अखिलेश

- उम्मीद करता हूं जिन प्रदेशों से यह यात्रा निकलेगी, वहां सीटों का बंटवारा हो जायेगा

-भारत जोड़ो न्याय यात्रा इंडिया गठबंधन का नहीं, सिर्फ कांग्रेस की यात्रा : अखिलेश

बलिया, 06 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी(सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इंडिया गठबंधन के लिए नहीं है। यह सिर्फ कांग्रेस की यात्रा है। कहा कि यात्रा से पहले टिकट का बंटवारा हो जाता तो गठबंधन के सभी दल शामिल होते।

सपा के दिवंगत जिलाध्यक्ष स्व राजमंगल यादव के घर शनिवार को शोक जताने के बाद सपा के जिला सचिव रहे राजेन्द्र पांडेय के घर शोकसभा में पहुंचे। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कहा कि यह यात्रा इंडिया गठबंधन की नहीं है। यह यात्रा अभी कांग्रेस की है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार का जिक्र करते हुए बोले, यात्रा हो अच्छी बात है। उम्मीद करते हैं कि जिन प्रदेशों से होकर यात्रा गुजरने वाली है,वहां सीटों का बंटवारा हो जाएगा। कहा कि सभी दल चाहते हैं कि यात्रा से पहले टिकट बंटवारा हो। सीट बंटवारा हो तो यात्रा में भी बहुत से लोग अपने आप सहयोग करने निकल पड़ेंगे। क्योंकि जो प्रत्याशी चुनाव लड़ने वाला होगा पूरी जिम्मेदारी से वह साथ दिखाई देगा। अखिलेश यादव ने गाजीपुर के बसपा सांसद अफजल अंसारी को लेकर संकेत दिया कि वे गजीपुर से समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/राजेश

   

सम्बंधित खबर