पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री पारसनाथ मौर्य पंचतत्व में विलीन

जौनपुर, 11 जनवरी (हि.स.)। बसपा सरकार में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष, दर्जा प्राप्त पूर्व राज्य मंत्री पारसनाथ मौर्य का बुधवार देर रात लगभग 12 बजे लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल में 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके पुत्र समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव डाॅ. राजीव रत्न मौर्य ने बताया की वह लगभग तीन वर्ष से बीमार चल रहे थे।

निधन के बाद उनका शव गुरुवार सुबह उनके पैतृक आवास शीतला चौकियां स्थित भगौतीपुर लाया गया। शोक संवेदना व्यक्त करने वाले आम जनमानस सहित राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों का तांता लगा रहा। पुलिस कर्मियों ने उनके आवास पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया। फूलों से सजे वाहन में शव को अंत्येष्टि स्थल पचहटिया स्थित रामघाट ले जाया गया। मुखाग्नि उनके इकलौते पुत्र डाॅ. राजीव रत्न मौर्य ने दिया।

इस मौके पर शोक संवेदना प्रकट करने वालों में नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष दिनेश टंडन,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, राज बहादुर यादव, पूर्व सपा विधायक जिला अध्यक्ष, लाल बहादुर यादव, सपा नेता उमानाथ यादव, राहुल त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/दिलीप

   

सम्बंधित खबर