उत्तरायणी पर्व जनपद में सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जायेगा : अपर जिलाधिकारी

हल्द्वानी, 12 जनवरी (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने बताया कि 14 से 22 जनवरी तक जनपद में उत्तरायणी पर्व हर्षोल्लास के साथ सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। सांस्कृतिक उत्सव मनाये जाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास एवं जिला पर्यटन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

अपर जिलाधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पारम्परिक एवं पौराणिक मेले उत्सवों एवं पर्वों को एक उत्सव के रूप में मनाये जाने का प्रचलन रहा है, जो हमारी वैभवशाली परम्पराओं का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जनपद में विकास खण्ड स्तर पर समितियों का गठन कर धार्मिक स्थलों पर जनमानस की सहभागिता से कलश यात्रा एवं झांकियों का आयोजन किया जाए। साथ ही महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, सभी नगरीय निकायों, जिला पंचायतों, विकास खण्डों एवं स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए तथा जनपद के सभी मन्दिरों, देवालयों एवं समस्त नदी किनारे घाटों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।

उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त मन्दिरों, देवालयों एवं घाटों में दीपोत्सव एवं आरती, भजन कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन भी किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम/वीरेन्द्र /वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर