राहुल गांधी की यात्रा 'न्याय नहीं अन्याय यात्रा' है: पीयूष हजारिका

-स्कूल, कॉलेज को छोड़कर जहां भी राहुल गांधी और कांग्रेस यात्रा करना चाहें करें

-स्कूल में कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने को कांग्रेस अलग रंग देकर कह रही कि उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं दी गई

गुवाहाटी, 12 जनवरी (हि.स.)। राज्य के सूचना प्रसारण, जल संसाधन आदि मामलों के मंत्री पीयूष हजारिका ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अन्याय यात्रा का नाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह न्याय यात्रा नहीं है। स्कूलों, कॉलेज में पठन-पाठन को बाधित करके राजनीतिक दालों का कार्यक्रम नहीं आयोजित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज को छोड़कर जहां भी राहुल गांधी और कांग्रेसी यात्रा करना चाहें कर सकते हैं। कहीं कोई बाधा नहीं है। सरकार उनका सहयोग करेगी।

आज पीयूष हजारिका प्रधानमंत्री आवास योजना का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा तथा कांग्रेसियों की मानसिकता का इसी से पता चलता है कि वे स्कूल, कॉलेज में कार्यक्रम करना चाहते हैं। राज्य में इतने सारे खेल के मैदान हैं, जहां वह अपना कार्यक्रम कर सकते हैं। साथ ही इस महीने में खेत-खलिहान सभी भी खाली पड़े हुए हैं, जिनमें उनका कार्यक्रम हो सकता है। लेकिन, इन सब स्थानों को छोड़कर कांग्रेसी स्कूलों में कार्यक्रम करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि स्कूल में कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं देने को कांग्रेसी अलग रंग देकर यह कह रहे हैं कि उन्हें यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि राज्य भर में जहां चाहे यात्रा कर सकते हैं, किसी के अनुमति की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने स्पष्ट कर दिया है कि राहुल गांधी की इस यात्रा में कहीं से कोई अनुमति नहीं देने की बात नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर