श्रीराम राज्य स्थापना जन जागरण यात्रा निकली, महंत रवींद्र पुरी व मंत्री विजयवर्गीय हुए शामिल

मंदसौर, 12 जनवरी (हि.स.)। 500 साल बाद अयोध्या धाम में रामलला के मंदिर में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का पूरा देश इंतजार कर रहा है। इस उत्सव में शामिल होने महा मंडलेश्वर मधुसुधानानंद जी महाराज के नेतृत्व श्रीराम राज्य स्थापना जन जागरण यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा 22 जनवरी को अयोध्या धाम पहुंचेगी। शुक्रवार को यात्रा मंदसौर शहर में पहुंची।

यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। इस श्रीराम राज्य स्थापना जन जागरण यात्रा में अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवींद्र पुरी जी महाराज, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और देश भर के करीब 500 साधु संत इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा से पहले पूरे नगर को भगवा पताकाओं से सजाया गया। यात्रा शहर के महाराणा प्रताप चैराहा,बीपीएल चैराहा, गांधी चैराहा, नेहरू बस स्टैंड, कालिदास मार्ग,घंटाघर सदर, बाजार होते हुए भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंची जहां मंदिर परिसर के सभा हाल में धर्म सभा आयोजित की गई।

श्रीराम राज्य स्थापना जन जागरण यात्रा के साथ ही नगर में पहली बार संतों का भंडारा श्रीराम खिचड़ी भंडारे का भी आयोजन भी किया गया। इस भंडारे में श्रद्धालुओं से लिए गए एक मुट्ठी चावल से संतों के लिए खिचड़ी प्रसादी बनाई। यह प्रसाद धर्म सभा में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं को वितरित की गई।

श्रीराम राज्य स्थापना जन जागरण यात्रा में शामिल होने आए प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- पूरा देश राममय है। हर घर में राम आएंगे गूंज रहा है। पत्रकारों के सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा-राहुल गांधी को उनके घर में ही न्याय यात्रा निकालना चाहिए।

उन्हें उनके घर में ही न्याय नहीं मिला। अयोध्या धाम का निमंत्रण ठुकराने पर विजयवर्गीय ने कहा- जिस पार्टी की मानसिकता ही राम को काल्पनिक मानने की हो उस दल के नेता की क्या मानसिकता होगी समझ सकते है।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया

   

सम्बंधित खबर