गांव-गरीब, किसान सहित महिलाओं के हितों पर ध्यान केंद्रित करने पर फोकस

मौजूद मोर्चाध्यक्ष।

जयपुर, 13 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में शनिवार को लोकसभा चुनावों को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला संयोजकों के साथ विभिन्न मोर्चा अध्यक्षों की उपस्थिति में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मिशन 25 पर चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के साथ गांव, गरीब और किसान के साथ महिलाओं के मुद्दे पर विशेष ध्यान केंद्रित करने पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बूते प्रदेश की सभी 25 सीटों पर कमल खिलाना है। इसके लिए भाजपा पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर लाभार्थियों से संवाद करने के साथ ही केंद्रीय योजनाओं का प्रचार प्रसार करना होगा। लोकसभा चुनावों में भाजपा का मत प्रतिशत कैसे बढ़े इस दिशा में भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ, गांव और मंडल स्तर पर कार्य करना होगा। समाज के अंतिम छोर पर बैठे वंचित गरीब सहित महिलाओं से संवाद स्थापित कर महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा करनी होगी।

भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने लोकसभा चुनावों की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करने के लिए सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा के पदाधिकारियों ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार को उखाड फेंकने का कार्य किया था, उसी रूप रेखा के साथ लोकसभा चुनावों में भी हमें संगठित होकर काम करना होगा। अब हमारा लक्ष्य प्रदेश की 25 की 25 सीटों पर कमल खिलाना है। इसके लिए सभी का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियां होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में 25 सीटों पर कमल खिलाने के लिए हमें ब्लॉक, ग्राम, पंचायत, जिला मुख्यालय सहित शहरी स्तर पर सदस्यता अभियान चलाना होगा। सदस्यता अभियान में सभी को शामिल कर सकते है फिर चाहे वो कांग्रेसी विचारधारा से ही क्यों ना हो। हमें सभी को भाजपा से जोड़ने पर जोर देना है और इन्हे सदस्य बनाना है। इसके साथ ही हमें मत प्रतिशत बढाने, संगठन की संरचना, पुराने और नाराज कार्यकर्ताओं से संपर्क करना होगा।

बैठक के तीसरे सत्र को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने कहा कि आज हमें मिशन 25 का लक्ष्य तय कर कार्य योजना बनानी होगी। प्रदेश स्तर पर रूपरेखा तैयार कर ली गई है, इसे जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर पर मूर्त रूप देना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मूल भावना समाज के वंचित, गरीब, दलित और पिछड़ों से कनेक्ट होना है। इस पर ही प्रत्येक कार्यकर्ता को कार्य करना है। भाजपा पार्टी के साथ भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों की छवि गरीब के नेता की होनी चाहिए, इसके लिए हमें जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा। आमजन को भी मोदी की गारंटी पर विश्वास हो रहा है। इसी विश्वास को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को बहुत बडे मन से कांग्रेस का सफाया करना है और आमजन को मोदी की गारंटियों पर विश्वास दिलाना है। राजस्थान में अगले 30 से 40 सालों तक भाजपा की स्थाई विजय के लिए कार्य करना होगा। इसके लिए पन्ना प्रमुख, मोर्चा व प्रकोष्ठ, अंतिम ईकाई की सक्रियता और सभी के साथ समन्वय बनाने और विभिन्न विचारधारा वाले संगठन व लोगों के साथ समन्वय जैसे विषयों पर कार्य करना होगा। भाजपा की ओर से कलस्टर प्रवास, लोकसभा प्रवास और विधानसभा प्रवास तीन स्तर पर कार्य करना होगा। प्रदेश में 30 जनवरी तक लोकसभा कार्यालय खोलना होगा।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि हमें महिलाओं की जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर पर टोलियां बनाकर भाजपा की नीतियों का प्रचार प्रसार करना होगा। इस टोली का काम महिला लाभार्थियों के पास जाना और उनसे संवाद करने के साथ ही मोदी की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताना होगा। इसमें लखपति दीदी योजना या फिर ड्रोन योजना से महिलाओं को लाभ दिलाना होगा।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को पांच प्रण लेने होंगे जिसमें विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकजुट भारत और नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल हैं। भाजपा की कार्य पद्धति के आधार पर संगठन के लिए कार्य करना होगा। इस दौरान नव मतदाता अभियान पोस्टर का विमोचन किया गया।

बैठक में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अल्का गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, श्रवण सिंह बगड़ी, सीआर चौधरी, सरदार अजयपाल सिंह, संतोष अहलावत, प्रभुलाल सैनी, बाबा बालकनाथ, सुखवीर जोनपुरिया, चुन्नीलाल गरासिया, युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा, दामोदर अग्रवाल, मोतीलाल मीणा, प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल, पिंकेश पोरवाल, महेंद्र कुमावत, विजेंद्र पूनिया, मेयर सौम्या गुर्जर, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, आईटी संयोजक धनराज सोलंकी, सोशल मीडिया संयोजक हीरेंद्र कोशिक, प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज, राखी राठौड़, अमित गोयल, पंकज मीणा, भाजपा कार्यालय प्रभारी महेश शर्मा व सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर