परम तपस्वी और विरक्त संत थे स्वामी चेतनानंद गिरि महाराजः रामानंद गिरि

हरिद्वार, 14 जनवरी (हि.स.)। श्री चेतनानंद गिरि आश्रम कनखल में आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन श्रीमहंत चेतनानंद गिरि महाराज का 43वां निर्वाणोत्सव आश्रम के परमाध्यक्ष महंत रामानंद गिरि महाराज की अध्यक्षता में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। निर्वाणोत्सव का शुभारम्भ शनिवार को गणेश पूजन व अखण्ड श्री रामचरित मानस के पाठ से हुआ। रविवार को मानस की पूर्णाहुति व श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।

श्रद्धांजलि सभा में महंत रविदेव शास्त्री महाराज ने ब्रह्मलीन स्वामी चेतनानंद गिरि महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें तपस्वी संत बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से स्वामी चेतनानंद गिरि महाराज ने लोक कल्याण व परमात्म प्राप्ति के लिए अपना जीवन जीया व हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहाकि स्वामी चेतनानंद गिरि महाराज को कई सिद्धियां प्राप्त थी। अपने तपोबल के कारण उन्होंने लोगों का कल्याण किया।

स्वामी योगेन्द्रानंद शास्त्री महाराज ने कहाकि स्वामी चेतनानंद गिरि महाराज अनन्य उपासक थे। उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए आश्रम के परमाध्यक्ष महंत रामानंद गिरि महाराज ने कहा कि दादा गुरु परम तपस्वी व विरक्त संत थे। उनकी शरण में जो भी आया, वह कुछ न कुछ अवश्य लेकर गया, किन्तु उन्होंने कभी भी किसी से किसी भी प्रकार की याचना नहीं की। उन्होंने बताया कि दादा गुरु अपने गुरु भगवान स्वामी गिरिशानंद गिरि महाराज के आदेश से पुनः हरिद्वार लौटे और आश्रम की स्थापना कर लोक कल्याण का कार्य किया।

समारोह का संचालन करते हुए आश्रम के स्वामी कृष्णानंद गिरि महाराज ने कहा कि जो मार्ग गुरु परम्परा से उन्हें दिखाया गया है, उसी मार्ग को वे अनुसरण कर रहे हैं। दादा गुरु स्वामी चेतनानंद गिरि महाराज की भांति की तपस्वी संतों की परम्परा आश्रम में चली आ रही है। उन्होंने कहाकि आगामी 22 जनवरी को दिन भी हम सभी सनातनियों के लिए सौभाग्य का दिन है। इस दिन भगवान श्रीराम लला अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। श्रीराम हमारी संस्कृति के आधार हैं। उन्होंने सभी से 22 जनवरी को उत्सव मनाने की अपील की।

इस अवसर पर सूर्य मोहन गिरि महाराज, हरि शंकर गिरि, स्वामी कमलानंद, मनोहर लाल, रविंद्र ग्रोवर, मुकेश गावा, दिनेश चुग, मुकेश सुखीजा, श्याम लाल ग्रोवर, जैकी ग्रोवर, मोहन लाल चुग, विजेंद्र चुग, योगेश चुग, राजेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर