हर्षोल्लास के साथ मनाया धर्म यात्रा महासंघ का स्थापना दिवस

हरिद्वार,14 जनवरी (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद से संबद्ध धर्म यात्रा महासंघ का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हरिद्वार के भागीरथी बिंदु पर आयोजित कार्यक्रम में हवन, पूजन व प्रभु संकीर्तन के साथ सैंकड़ों लोगों ने सामाजिक समरसता का प्रतीक खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया।

धर्म यात्रा महासंघ के स्थापना दिवस आयोजन में धर्म यात्रा महासंघ के राष्ट्रीय मंत्री डा. रजनीकांत शुक्ल ने कहा कि धर्म यात्रा महासंघ की स्थापना विश्व हिन्दू परिषद के तत्कालीन अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल ने हरिद्वार में ही की थी। मकर संक्रांति पर्व पर अस्तित्व में आए धर्म यात्रा महासंघ की वर्तमान में भारत के सभी प्रांतों में संगठन व शाखाएं हैं। भारत की आत्मा तीर्थों में वास करती है। तीर्थों का विकास भारत का विकास है, धर्म यात्रा महासंघ का ध्येय वाक्य है।

उन्होंने कहा संगठन केन्द्रीय और स्थानीय स्तर पर अनेक धार्मिक यात्राओं के साथ मानसरोवर व अमरनाथ में तीर्थयात्रियों के लिए अनेक व्यवस्थाएं जुटाता है। तीर्थों पर होने वाले आयोजन और विकास से तीर्थ पुरोहितों को जोड़ने के लिए धर्म यात्रा महासंघ ने तीर्थ पुरोहित महासंघ की स्थापना भी की है। धर्म यात्रा महासंघ की मांग पर अनेक राज्य सरकारों ने पर्यटन मंत्रालय से अलग तीर्थाटन मंत्रालय भी बनाए हैं।

समारोह की अध्यक्षता स्वामी सदानंद वेदांताचार्य ने की। अखण्ड भारत शक्तिपीठ ट्रस्ट केदारनाथ से साध्वी विचित्र रचना ने संपूर्ण देश में विभिन्न नाम से मनाए जाने वाले मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन में धर्म यात्रा महासंघ के प्रदेश संरक्षक रविन्द्र गोयल, आदर्श महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक वीरेंद्र तिवारी एडवोकेट, प्रदेश महामंत्री डॉ. चंद्रधर काला के साथ मनोज चौहान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सामाजिक समरसता व धर्म जागरण के भाव से खिचड़ी भोज में सैंकड़ों लोगों के प्रसाद ग्रहण करने के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से स्वामी सत्यप्रकाश, स्वामी भवानी राम उदासीन अखाड़ा फेरुपुर, महंत स्वामी गंगादास, प्रांत उपाध्यक्षा ललिता मिश्रा, उपेंद्र गुप्ता प्रांत कोषाध्यक्ष, वीरसेन मानव प्रांत कार्यालय प्रमुख विश्व हिन्दू परिषद, यशपाल, राजीव भट्ट, पार्षद अनिरुद्ध भाटी , अनिल मिश्रा, सुषमा मिश्रा, जानकी प्रसाद आदि कार्यकर्ताओं के साथ अनेकों जनसामान्य लोग भी उपस्थित रहें। नगर महामंत्री हरिमोहन भारद्वाज ने सभी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थानसमाचार/रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर