नदी महोत्सव के जरिये गंगा-गोमती सफाई अभियान से जुड़ा किन्नर समाज

-मकर संक्रांति पर गोमती किनारे मनकामेश्वर उपवन घाट पर हुआ नदी महोत्सव का आयोजन

-ट्रान्सजेन्डर्स वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष शिवेन गुरेजा ने कार्यक्रम में लिया भाग

लखनऊ, 14 जनवरी (हि.स.)। नमामि गंगे कार्यक्रम योगी सरकार के अविरल गंगा अभियान को धार दे रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्वत के निर्देश पर राज्य की प्रमुख नदियों के किनारे नदी महोत्सव के आयोजन हो रहे हैं। समाज के विभिन्न वर्गों को इस आयोजन से जोड़ने की कमान प्रमुख सचिव ने राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के सचिव डॉ. बलकार सिंह को सौंपी है।

नदी सफाई अभियान के जरिये जहां आम जनता को जागरूक किया जा रहा है वहीं किन्नर समाज को भी मुख्य धारा से जोड़ने का अनूठा प्रयास रविवार को राजधानी में गोमती किनारे मनकामेश्वर उपवन घाट पर सामने आया। यहां राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के तहत मकर संक्रांति पर आयोजित नदी महोत्सव कार्यक्रम उस समय यादगार बन गया जब ट्रान्सजेन्डर्स वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष शिवेन गुरेजा ने कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने गंगा और गोमती की सफाई में किन्नर समाज को भागीदार बनाने के साथ आम लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के अपर परियोजना निदेशक प्रवीण मिश्र की उपस्थिति में आयोजित नदी महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने। शामिल लोगों ने दीपों की रंगोली से तट को जगमगाया और मन्त्रों के उच्चारण के बीच गोमती आरती में भी पूरी आस्था के साथ जुटे। मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्यागिरि ने गोमती आरती कराई। कार्यक्रम में नदी सफाई से जुड़े स्वयंसेवी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार /पीएन द्विवेदी

   

सम्बंधित खबर