राम मंदिर: 22 जनवरी को दुल्हन सा सजेगा झीलों का शहर

उदयपुर, 15 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन उदयपुर शहर भी दुल्हन सा सजेगा। शहर में प्रमुख स्थानों पर अयोध्या के समारोह का सीधा प्रसारण बड़े पर्दे पर किया जाएगा। शहर के मंदिरों में भी विशेष आयोजन होंगे।

महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर अरविंद पोसवाल, महापौर गोविंद टांक, विधायक ताराचंद जैन, उप महापौर पारस सिंघवी, आयुक्त रामप्रकाश की उपस्थिति में हुई प्रशासन की बैठक में निर्णय किया गया है कि मंदिरों में साफ-सफाई, सजावट, रोशनी आदि की जाएगी। यूआईटी की ओर से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अयोध्या में होने वाले प्रतिष्ठा महोत्सव का सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में नगर निगम महापौर जीएस टांक ने जानकारी दी कि 22 जनवरी को नगर निगम में अवकाश घोषित किया गया है।

शहर के मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर होने वाले आयोजनों के कारण यातायात के प्रबंध को लेकर भी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। देवस्थान विभाग को विशेष पूजा अर्चना का जिम्मा दिया गया है।

पूरे जिले के हर ग्राम पंचायत के एक प्रमुख मंदिर में विशेष आयोजन को लेकर निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रमुख मंदिर में आरती, प्रसाद और लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी।

राजस्थान के देवस्थान विभाग ने 22 जनवरी को सभी मंदिरों में विशेष सजावट करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अधीन कुल 593 मंदिर हैं। इन मंदिरों में सजावट के लिए विभाग ने प्रति मंदिर 10 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है।

22 जनवरी को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ सजावट करने वाले 100 मंदिरों के पुजारियों व उनके प्रबंधकों को देवस्थान विभाग की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा। इसके लिए 21 जनवरी को विभाग एक वेबसाइट लॉन्च करेगा। जिस पर मंदिरों की सजावट के फोटो और वीडियो अपलोड किए जा सकेंगे। विभाग की टीम इन फोटो व वीडियो में से सर्वश्रेष्ठ सजावट वाले मंदिरों का चयन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/संदीप

   

सम्बंधित खबर