प्रभु श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश में उत्सव का माहौल

प्रयागराज, 16 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश भर में हर्षोल्लास और उत्सव का वातावरण है। रामभक्त अपनी-अपनी तरह से प्राण प्रतिष्ठा के लिए भिन्न-भिन्न योजनाएं बना रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा के भव्य समारोह में अभी एक सप्ताह का समय शेष है, लेकिन श्रद्धालुओं में आस्था अपने चरम पर है।

सदियों की प्रतीक्षा के बाद रामलला की अयोध्या में पुनः प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में ज्ञान गुण सागर वाहिनी द्वारा श्री सुंदरकांड एवं एकादश हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार को सायंकाल 4 बजे से प्रारम्भ किया गया। वाहिनी के अध्यक्ष ने कहा कि देश भर के मठ मंदिरों में विशेष धार्मिक पाठ का आयोजन किया जा रहा है। लोग समूह बनाकर नगर के विभिन्न मंदिरों में स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में श्री हनुमत निकेतन में विशेष हनुमान चालीसा का एकादश एवं सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया।

कुश श्रीवास्तव ने बताया कि इस कार्यक्रम को वाहिनी के पूरे कुटुम्ब एवं अपनी ओर से भगवान श्रीराम के अयोध्या में पुनः प्राण प्रतिष्ठा के अत्यंत पुण्य एवं महान अवसर पर एक भेंट समान है। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में राम भक्तों ने इस भक्ति संध्या में सम्मिलित होकर सुंदर पाठ का रसास्वादन किया। कार्यक्रम में विहिप काशी प्रांत के अध्यक्ष कविन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा, भाजपा नेत्री आभा मधुर, शैलेन्द्र मधुर, स्वाति श्रीवास्तव एवं विभिन्न क्षेत्रों एवं नगर के अन्य नागरिक इस आयोजन में सम्मिलित हुए।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर