जगदलपुर : वन मंत्री ने बनाया कमल निशान, लोकसभा की सभी 11 सीट जीतने का किया दावा

जगदलपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी आने वाले लोकसभा चुनाव के लिये तैयारियां शुरू कर दी है। भाजपा के पक्ष में वातावरण बनाने नारे लिखकर चुनाव चिन्ह कमल फूल के निशान की वॉल पेंटिंग का काम जोरशोर से किया जा रहा है। वन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को शहर के मोतीलाल नेहरू वार्ड में स्वयं वॉल पेंटिग की और वार्ड के निवासियों व लोगों से भेंटकर भाजपा के लिये प्रचार भी किया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक बूथ में वॉल पेंटिंग की जा रही है। फिर एक बार भाजपा सरकार के नारे के साथ लोकसभा चुनाव के प्रचार प्रसार को तेज किया जा रहा है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की सहभागिता से छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों में भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में विजय का परचम लहरायेगी। मोतीलाल नेहरू वार्ड के निवासी जगदीश मण्डन के घर की दीवार में वॉल पेंटिंग करने के बाद वन मंत्री केदार कश्यप उनके परिवार के सदस्यों से मिले।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी, विद्याशरण तिवारी, वेदप्रकाश पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही, संजय पाण्डेय, सुरेश गुप्ता, आलोक अवस्थी, योगेश शुक्ल, नरेंद्र यादव, पंकज जैन,रोहित त्रिवेदी,मनोज ठाकुर, सुनील गुप्ता,मनोज पटेल, तेजपाल शर्मा, रौशन झा, राजा यादव, संतोष बाजपेयी आदि सहित कार्यकर्ता व वार्ड वासी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार, राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर