विकसित भारत का एंबेसडर बन आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का विस्तार करें छात्राएं

- छात्राओं से नमो ऐप डाउनलोड करने की अपील

मीरजापुर, 18 जनवरी (हि.स.)। विकसित भारत एंबेसडर अभियान को लेकर गुरुवार को नगर के आदर्श भारतीय बालिका इंटर कॉलेज के छात्राओं को नमो ऐप डाउनलोड करने की अपील भाजपा के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने की।

भाजपा नेता ने छात्राओं से कहा कि घर के सदस्यों के साथ महिला मित्रों को भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नमो ऐप डाउनलोड कराएं। प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उसी लक्ष्य की प्राप्ति को लेकर देश के कई राज्यों में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। प्रधानमंत्री ने महिला सुरक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित कई अन्य महिला सशक्तीकरण योजना चलाई हैं। देश के बेटियां भी विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। कहा कि छात्राओं को विकसित भारत का एंबेसडर बनाकर पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत सहित अन्य योजनाओं के संकल्प का विस्तार करेंगे। इस दौरान प्रधानाचार्य सूचितनाथ पांडेय, उमेश गुप्ता, प्रीतम केशवानी, बाबूराम गुप्ता, शिवांशु सिंह, दिनेश कुमार दुबे, रविन्द्र कुमार तिवारी आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर