गन्ना उत्पादक राज्यों में सबसे सस्ता गन्ना खरीद रहा यूपी: अभिमन्यु त्यागी

मेरठ, 18 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता व किसान नेता अभिमन्यु त्यागी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गन्ना मूल्य में वृद्धि की है। 20 रुपए प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य वृद्धि करना ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उत्तर भारत के गन्ना उत्पादक राज्यों में उत्तर प्रदेश सरकार सबसे सस्ता गन्ना खरीद रही है।

मेरठ निवासी कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों का अपमान करना बंद करें। भाजपा सरकार सिर्फ इलेक्शन टू इलेक्शन गन्ना मूल्य वृद्धि करती है और बीच में कभी भी दाम नहीं बढ़ाती है। वर्ष 2017 में जब से भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार बनी है, तबसे सिर्फ 3 बार गन्ना दाम में वृद्धि की गई है। भाजपा जब उत्तर प्रदेश में विपक्ष में थी उस दौर में 450 रुपए प्रति क्विंटल गन्ना दाम देने की मांग तत्कालीन सरकारों से किया करती थी। अब योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश में सत्ता में है। इन सात वर्षों में यूपी में मात्र 55 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ सरकार जब सत्ता में पहली बार आई थी तो गन्ने के समर्थन मूल्य में 10 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई थी। विधानसभा चुनाव से पहले वर्ष 2021 में गन्ना मूल्य में 25 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की थी। अब लोकसभा चुनाव से पहले वर्ष 2023 सत्र के गन्ना मूल्य में 20 रुपए क्विंटल वृद्धि की गई है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने तीन साल के बाद गन्ना मूल्य 5.7 प्रतिशत (20 रुपए प्रति क्विंटल) बढ़ाए हैं। प्रतिवर्ष यह वृद्धि दर 1.9 प्रतिशत है। जबकि इन तीन वर्षों मे महंगाई दर 5.5-7.79 प्रतिशत के बीच रही है। सत्र 2017-18 में गन्ना मूल्य 315 और 325 रुपये प्रति क्विंटल था। सत्र 2021-22 में 25 प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य की वृद्धि की गई थी। जब गन्ना मूल्य सत्र 340 और 350 रुपये हुआ था। अब सत्र 2023-24 में बढ़ोतरी के बाद गन्ना मूल्य 360 और 370 प्रति क्विंटल हो गया है। दूसरी तरफ पंजाब में गन्ने का भाव 391 रुपए प्रति क्विंटल है और हरियाणा में 386 रुपए प्रति क्विंटल है तो उत्तर प्रदेश में 370 रुपए प्रति क्विंटल है।

प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार योगी आदित्यनाथ सरकार से गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग कर रही है। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय लगातार योगी आदित्यनाथ सरकार को गन्ना मूल्यवृद्धि के लिए घेर रहे हैं। गन्ना मूल्य में 450 रुपए प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य वृद्धि करने की मांग की गई है। मौजूदा चालू सत्र और पिछले सत्रों का 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का किसानों का बकाया भुगतान सरकार और शुगर मिलों पर बकाया है। इसके लिए समस्त बकाये का भुगतान, 14 दिनों में मौजूदा चालू सत्र का गन्ना बकाया भुगतान आदि जैसे मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी लगातार धरना-प्रदर्शन कर योगी आदित्यनाथ सरकार से मांग करती आ रही है। एक तरफ जहां गन्ना बुवाई पर लागत बढ़ी है तो दूसरी तरफ मजदूरी, खाद, बिजली, डीजल, बैंक किसान क्रेडिट कार्ड किस्त, ट्रैक्टर ट्राली का खर्चा, यूरिया, एनपीके आदि के दामों में लगातार वृद्धि से किसान को खेती करना भी चुनौती बन गया है। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि योगी आदित्यनाथ सरकार 450 रुपए प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य वृद्धि करे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर