अयोध्या में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का रॉयल गार्डनिया में होगा सीधा प्रसारण

बेगूसराय, 19 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में बने भव्य मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 22 जनवरी को लाखो स्थित रॉयल गार्डनिया रिसोर्ट में लाइव टेलीकास्ट एवं पूजन और भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को महमदपुर स्थित एम्स हॉस्पिटल में आयोजित प्रेसवार्ता में चिकित्सक डॉ. रंजन कुमार चौधरी ने कही। प्रेस वार्ता में डॉ. निशांत रंजन, डॉ. राहुल कुमार एवं दिनेश टिबड़ीवाल सहित अन्य उपस्थित थे।

प्रेसवार्ता में डॉ. रंजन कुमार चौधरी ने कहा की राम लला का प्राण प्रतिष्ठा एक अभूतपूर्व कार्यक्रम है, जो इतिहास में यह दर्ज हो रहा है। हम लोग रामलला की प्राण प्रतिष्ठा अपने आंखों से देख रहे हैं। इससे ज्यादा खुशी की बात जीवन में कुछ नहीं हो सकता है, पूरा विश्व राम मय है।

पूरे विश्व के लोग अपने-अपने देश में इस कार्यक्रम को देखेंगे। रामराज की जो कल्पना की गई है, उस पर चलने की कोशिश करेंगे। राम मर्यादा पुरुष थे और उन्होंने जीवन जीने का जो तरीका बताया, उस पर हम लोग को चलने का प्रयास करना चाहिए।

भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए जो प्रयास हो रहा है। इससे हमें एक नई ऊर्जा मिलेगी और रामराज्य स्थापित करने के लिए एक प्रेरणा भी मिलेगी। सैकड़ों वर्ष के संघर्ष के बाद संस्कृति और धरोहर का प्रतीक राम मंदिर बनकर तैयार हो गया है। राम और कृष्ण के बगैर भारत शून्य है।

प्रेसवार्ता में डॉ. निशांत रंजन ने कहा की राम हमारे कुलगुरु हैं, कुल पुरुष हैं, आदर्श हैं, हमारी संस्कृति और हमारा धरोहर हैं। यहां के लोग भूखे रह सकते हैं लेकिन उनके दिल से राम नहीं निकाला जा सकता है। सोचा नहीं था कि देश का यह माइलस्टोन संस्कृति का धरोहर देख पाएंगे।

राम मंदिर को किसी मजहब से जोड़ना गलत है। राम का आदर्श भारतवासी का मार्गदर्शन करता है। विश्व के सभी हिंदुओं की आस्था का प्रतीक यह राम मंदिर जब बन गया है, तो इसमें राजनीति से मतलब नहीं है। जो लोग उपहास कर रहे हैं उन्हें सोचना चाहिए की देश के 140 करोड़ लोगों की भावना को आहत नहीं करना चाहिए।

डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि राम का जीवन ही राम का संदेश है। उन्होंने जो जीवन जीया, हजारों वर्ष पहले जो उन्होंने एक आदर्श दिखाया वह आज भी मान्य है। रॉयल गार्डनिया में आयोजित इस कार्यक्रम के द्वारा हम समाज में एक सन्देश देना चाहते हैं कि हम एक हैं, एक संप्रदाय के हैं, सब एक है, कोई अलग-अलग नहीं है।

दिनेश टिबड़ीवाल ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है की जीते जी पांच सौ वर्ष के इंतजार के बाद हमें यह देखने को मिल रहा है। रॉयल गार्डेनिया में भजन कार्यक्रम के साथ अयोध्या में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा

   

सम्बंधित खबर