उदयपुर के दीन दयाल उपाध्याय पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन फिर शुरू

उदयपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्व संध्या पर नगर निगम द्वारा दूध तलाई स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन किया गया।

नगर निगम विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा और कुलदीप जोशी ने बताया कि उदयपुर में सनसेट पॉइंट से ख्यात पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में यूआईटी द्वारा वर्षों पहले म्यूजिकल फाउंटेन शुरू किए गए थे, जो रखरखाव के अभाव में जीर्ण शीर्ण हालत में हो गए। उसके पश्चात इस पार्क को नगर विकास प्रन्यास ने नगर निगम को सुपुर्द किया।

इसके बाद तत्कालीन शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने विधायक मद से यहां पर पुनः म्यूजिकल फाउंटेन का कार्य शुरू करवाया। अब उसका लोकार्पण असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा अयोध्या में प्रभु श्री रामलला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्व संध्या पर किया गया। इस अवसर पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, महापौर गोविंद सिंह टांक, उप महापौर पारस सिंघवी, पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत, विभिन्न समितियों के अध्यक्ष, पार्षद, नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एवं शहर के गणमान्य उपस्थित रहे।

नगर निगम अधिशासी अभियंता रितेश पाटीदार ने बताया कि म्यूजिकल फाउंटेन का हर शो 18 मिनट का रहेगा। फाउंटेन में 25 एचपी के दो मोटर लगाई गई है जिससे गाने पर जैसे जैसे साउंड और गायक कलाकार की आवाज बढ़ेंगी वैसे ही लाइट के रंग बदलेंगे और पानी ज्यादा ऊंचाई तक पहुंचेगा।

नगर निगम की विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा और गोपाल जोशी ने बताया कि म्यूजिकल फाउंटेन प्रतिदिन 7 बजे से लगाकर 8.30 बजे तक संचालित किया जाएगा।

अयोध्या में प्रभु श्री रामलला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्व संध्या पर नगर निगम द्वारा दूध तलाई स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में शुरू किए गए म्यूजिकल फाउंटेन पर 7 दिन तक शहरवासियों को मुफ्त में प्रवेश दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल

   

सम्बंधित खबर