सतनाः व्यंकटेश लोक में देखा गया अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

सतना, 22 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सतना नगर निगम के व्यंकटेश लोक के नवनिर्मित ओपेन ऑडीटोरियम में भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में देखा गया। कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत डॉ. परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत सहित विभिन्न संप्रदाय के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु आमजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि आज का दिन सम्पूर्ण भारत ही नहीं पूरे विश्व के लिए शांति, समन्वय और राम राज्य का पैगाम है। देशवासियों का सदियों-सदियों से चली आ रही प्रतीक्षा रामलला के मंदिर में श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा से पूरी हुई है। उन्होंने सम्पूर्ण प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनायें देते हुए राम राज्य की स्थापना में अपना भरपूर योगदान की अपील की।

सांसद गणेश सिंह ने कहा कि देश के आराध्य, गौरव, संस्कृति और सनातन धर्म की प्राण-प्रतिष्ठा से करोड़ों-करोड़ देशवासियों की अभिलाषा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में रामलला का मंदिर अयोध्या में बनाने की पूर्ण हुई है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब भारत एक पूर्ण विकसित देश बनने के साथ ही विश्व गुरू होने का दर्जा पुनः प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का यह दिन आने वाले करोड़ों वर्ष तक याद किया जायेगा। पूरे शहर और देश में आज के दिन का उल्लास और आनंद शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इसके पूर्व राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित व्यंकटेश लोक के नव निर्मित ओपेन आडीटोरियम का शिलापट्टिका अनावरण कर लोकार्पण किया। व्यंकटेश लोक में अपरान्ह सुन्दर काण्ड का सामूहिक भजन गायन एवं शाम को दीप मालिकाओं में दीप प्रज्जवलित करने का कार्य भी सम्पन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/मयंक

   

सम्बंधित खबर