21 दिवसीय नशामुक्त भारत यात्रा को भाजपा एमएलसी ने दिखाई हरी झंडी

-11 राज्यों में जागरूकता कार्यक्रम, भारत की भावी पीढ़ियां सुसंस्कृत व शिक्षित हों का संदेश

वाराणसी, 23 जनवरी (हि.स.)। युवाओं को नशा से मुक्ति दिलाने के लिए काशियाना फाउंडेशन की पहल पर 21 दिवसीय नशामुक्त भारत यात्रा की शुरुआत मंगलवार से हुई। गुरुधाम स्थित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय कार्यालय से भाजपा के वाराणसी लोकसभा प्रभारी और एमएलसी अश्वनी त्यागी ने कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

यात्रा का संचालन कर रहे डॉ उत्तम ओझा ने बताया कि आज नशे का सेवन बड़ी संख्या में दिव्यांग भी कर रहे हैं। नशा जहां मनुष्य के मस्तिष्क को प्रभावित कर रहा है। वहींं, शारीरिक विकार उत्पन्न कर रहा है। इसके चलते सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। अगर हम नशे पर प्रतिबंध लगा दें तो दिव्यांगता की दर को कम किया जा सकता है।

अतिथि डॉ तुलसीदास ने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते मैं कह सकता हूं कि नशा कैसे मनुष्यता को नाश कर देती है।

फाउंडेशन के संस्थापक सुमित सिंह ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने से पहले नशा मुक्त बनाना सबसे आवश्यक है। ऐसा करके ही देश की सकारात्मक ऊर्जा को उचित दिशा में ले जाया जा सकता है। भारत का प्रत्येक युवा दुनिया की निगाह में एक ओपिनियन लीडर की भूमिका में रहे। भारत के युवाओं का मानसिक और सामाजिक चरित्र निर्माण दुनिया के लिए मिसाल बन सके। यह तभी संभव होगा जब हम नशे के विरुद्ध देश की जागरूकता को चरम पर ले जाने में कामयाब हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा एक धर्मयज्ञ है, जिसमें समाज की हर पीढ़ी की सहभागिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी और सामयिक है। सुमित सिंह के अनुसार इस अभियान के जरिए देश की करीब 5 करोड़ आबादी को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भारत की भावी पीढ़ियां, सुसंस्कृत, शिक्षित, सभ्य और शारीरिक तौर पर मजबूत रहें। 23 जनवरी से 13 फरवरी तक पूरे 22 दिन 11 राज्यों में जागरूकता कार्यक्रम भी होगा। यात्रा में आशीष गुप्ता, भावेश सेठ, धनंजय यादव, ऋतिक, शुभम सिंह, सुधांशु राय एवं संदीप कुमार शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर