मुख्यमंत्री डॉ यादव ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर दी शुभकामनाएं, बेटियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की अपील की

भोपाल, 24 जनवरी (हि.स.)। आज राष्ट्रीय बालिका दिवस है, देश में हर साल 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। साल 2009 में महिला बाल विकास मंत्रालय ने इसकी शुरूआत की थी। राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाए जाने का उद्देश्य समाज में बालिकाओं को उनके अधिकारों और उनके साथ होने वाले भेदभाव के प्रति भी लोगों को जागरुक करना है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर देश और प्रदेश की बेटियों को शुभकामनाएं दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर अपने शुभकामना संदेश में कहा राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देश की समस्त बेटियों के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! बेटियाँ शिक्षित हों, बड़े सपने देखें और उसे साकार करें; तभी सशक्त, समृद्ध और खुशहाल मध्यप्रदेश के निर्माण का स्वप्न साकार होगा। आइये, हम सभी संकल्प लें कि बेटियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मयंक

   

सम्बंधित खबर