गणतंत्र दिवस : घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा फहराने के लिए जागरूकता अभियान

वाराणसी, 24 जनवरी (हि.स.)। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) का उत्साह चहुंओर दिखने लगा है। गणतंत्र दिवस के दो दिन पूर्व से ही शहर में हर-घर तिरंगा फहराने के लिए सामाजिक संगठन जागरूकता अभियान में जुट गए है।

बुधवार को सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट काॅलेज परिसर में जुटे कार्यकताओं ने छात्राओं के बीच जागरूकता के तहत राष्ट्रध्वज तिरंगा वितरित किया। इसके बाद शपथ दिलाया गया कि तिरंगे के प्रति प्यार वह सम्मान दिखाने के लिए छात्राएं अपने-अपने घरों पर 26 जनवरी को तिरंगा फहरायेगी या घर पर लगाएंगी।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था। उस दिन को हम गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। हमारा देश 15 अगस्त 1947 को आजाद तो हो गया था। लेकिन हमारे पास अपना बनाया हुआ नियम कानून नहीं था। इस लिहाज से 26 जनवरी 1950 बहुत ही महत्वपूर्ण दिवस है। क्योंकि उस दिन हम भारतीयों के द्वारा बनाए गए संविधान को लागू किए और उस संविधान के हिसाब से हम अपने देश का नियम कानून चलाते हैं।

वक्ताओं ने कहा कि वह संविधान जो हमारे भारतीयों को मौलिक अधिकार देता है। जिसकी वजह से धर्म जाति लिंग और आर्थिक भेदभाव के बिना सब को योग्यता के अनुसार अवसर की समानता मिलती है। इस पावन दिवस को हम बड़े हर्षोल्लास के रूप में मनाते हैं और इस बार हम 26 जनवरी को जो गणतंत्र दिवस मनाएंगे उसको हर घर में तिरंगा फहराकर हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे यही हमारा संकल्प है। अभियान में संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, एक अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ अशोक कुमार राय, कालेज की प्रधानाचार्या डा० प्रियंका तिवारी आदि की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर