राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष रहे हरिशंकर भाभड़ा का निधन

जयपुर, 25 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिशंकर भाभड़ा का बुधवार देर रात निधन हो गया। 96 वर्षीय भाभड़ा लंबे समय से बीमार थे। रूंगटा अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। भाभड़ा के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

हरिशंकर भाभड़ा 16 मार्च 1990 से 5 अक्टूबर 1994 तक (दो बार) राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष रहे। पहली बार हरिशंकर भाभड़ा 1985 में रतनगढ़ विधानसभा सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। अब तक रहे विधानसभा अध्यक्षों में से उनका कार्यकाल सबसे कुशल प्रशासक के तौर पर माना जाता है। सदन में विधायकों का आचरण कैसा रहे, इस पर उन्होंने सबसे ज्यादा काम किया।

विधानसभा का नया भवन साल 2001 में बना। विधानसभा के नये भवन की कल्पना देने वालों में हरिशंकर भाभड़ा का नाम सबसे पहले आता है। उनके विधानसभा अध्यक्ष रहते नये विधानसभा भवन का बनाना तय हो गया था। उन्होंने राजस्थान के वित्त मंत्री के तौर पर भैरोसिंह शेखावत के कार्यकाल में बजट भी पेश किया था। वहीं, उनकी इसी खूबी के चलते वसुंधरा सरकार ने उन्हें वित्त आयोग का चेयरमैन भी बनाया था।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने भाभड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हरिशंकर भाभड़ा राष्ट्रीयता के विचारों से ओतप्रोत संसदीय परंपराओं में गहरी आस्था रखने वाले विरल राजनीतिज्ञ थे। वह आम जन के प्रति जवाबदेही शासन व्यवस्था और राजनीति में शुचिता के प्रबल पक्षधर थे। उनका निधन अपूरणीय क्षति है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि भाभडा कुशल जन प्रतिनिधि थे। उन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। राजस्थान की राजनीति में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरि शंकर भाभड़ा का निधन प्रदेश की अपूरणीय क्षति है। वह सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता एवं स्पष्टवादिता की प्रतिमूर्ति थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भाभड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा- भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष रहे हरिशंकर भाभड़ा का निधन राजनीतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उल्लेखनीय है कि हरिशंकर भाभड़ा पिछले लंबे समय से अस्वस्थ थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनसे मिलने भाजपा के देश-प्रदेश के बड़े नेता मिलने पहुंच रहे थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, सांसद राहुल कस्बा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी समेत कई नेताओं ने उनसे मुलाकात की थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ ईश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर