नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित किया जाए : विष्णु बराल

हरिद्वार, 29 जनवरी (हि.स.)। नेपाल हिन्दू राष्ट्र पुनः स्थापना मंच के संस्थापक विष्णु प्रसाद बराल ने नेपाल सरकार से नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग की है। नेपाल विद्यार्थी संघ के आयोजित वन भोज कार्यक्रम में शामिल होने आए विष्णु प्रसाद बराल ने कहा कि हिन्दू बाहुल्य नेपाल विश्व का एक मात्र हिन्दू राष्ट्र था, लेकिन तत्कालीन सरकार ने नेपाल को धर्म निरपेक्ष राष्ट्र घोषित कर दिया। लेकिन नेपाल का आम हिन्दू जनमानस आज भी नेपाल को हिन्दू राष्ट्र ही मानता है।

नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित कराने के लिए नेपाल हिन्दू राष्ट्र पुनः स्थापना मंच के माध्यम लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की संस्कृति समान है। दोनों देशों में प्राचीन काल से ही घनिष्ठ संबंध रहे हैं। विश्व गुरु बनने की और अग्रसर भारत को नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र का दर्जा दिलाने के अभियान में सहयोग करना चाहिए। नेपाल विद्यार्थी संघ को वन भोज कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि वन भोज नेपाल की प्राचीन परंपरा है, जिसे नेपाल विद्यार्थी संघ आज भी जीवंत रखे हुए है। इसके लिए नेपाल विद्याथी संघ के पदाधिकारी और सदस्य बधाई के पात्र हैं।

इस दौरान स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हहिरानंद, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी दिनेश दास भी मौजूद रहे। नेपाल विद्यार्थी संघ के अध्यक्ष नरेंद्र राज उपाध्याय, महामंत्री कमल ओझा, उपाध्यक्ष लोकराज जोशी, कोषाध्यक्ष चूड़ामणी शर्मा व पूर्व अध्यक्ष शेखर शर्मा ने वन भोज कार्यक्रम कराने में सभी के सहयोग का आभार व्यक्त किया और कहा कि नेपाल विद्यार्थी संघ नेपाल को पुनः हिन्दू राष्ट्र घोषित करने के अभियान में नेपाल हिंदू राष्ट्र पुनः स्थापना मंच के अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर