स्वामी विवेकानंद का 162वां जन्मोत्सव रोगी नारायण सेवा के रूप में मनाया

हरिद्वार, 02 फरवरी (हि.स.)। कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में शुक्रवार को पंचांग तिथि के अनुसार स्वामी विवेकानंद का 162वां जन्मोत्सव रोगी नारायण सेवा के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के सचिव स्वामी दयामूर्त्यानन्द महाराज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युगपुरुष थे। उन्होंने मानव कल्याण के लिए नर सेवा नारायण सेवा का जो मूल मंत्र दिया, उसी अनुसार आज भी रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के देश-विदेश में स्थित सभी आश्रमों, चिकित्सालयों और सेवा संस्थानों में स्वामी विवेकानंद का जन्मदिन नर सेवा नारायण सेवा के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार हर युग में प्रासंगिक रहेंगे। स्वामी विवेकानंद आधुनिक भारत के युग निर्माता और युगपुरुष थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह ध्यान जप, योग मंगल आरती एवं संतों के प्रवचन-भजन कीर्तन के साथ हुआ। इस दौरान स्वामी रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर