(अपडेट) झारखंड में चम्पाई सोरेन के शपथ लेने के बाद हैदराबाद शिफ्ट हुए महागठबंधन के विधायक

हैदराबाद शिफ्ट हुए महागठबंधन के विधायक

रांची (झारखंड), 2 फरवरी (हि.स.)। राजभवन में चम्पाई सोरेन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सत्ता पक्ष के सभी विधायक रांची सर्किट हाउस से चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद भेज दिये गये। विधायकों को टूटने से बचाने के लिए उन्हें हैदराबाद शिफ्ट किया गया है। अब सभी विधायक फ्लोर टेस्ट के दिन रांची पहुंचेंगे।

महागठबंधन दलों के विधायक हैदराबाद एयरपोर्ट से दो एसी बसों से रिसोर्ट पहुंचे। इनके लिए समीरपेट के लिओनी रिसोर्ट में ठहरने की व्यवस्था की गयी है। ये पांच फरवरी की सुबह सात बजे तक वहां ठहरेंगे। स्पेशल फ्लाइट से ये पांच फरवरी की सुबह हैदराबाद से रांची के लिए रवाना होंगे। तेलंगाना कांग्रेस ने हर चार विधायक पर एक केयरटेकर की नियुक्ति की है। दीपा दासमुंशी व मंत्री पोन्नम प्रभाकर को इनकी सुविधाओं का ख्याल रखने के लिए कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन के विधायक गुरुवार को भी रांची से हैदराबाद रवाना होने के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे थे लेकिन मौसम खराब होने के कारण हैदराबाद की उड़ान रद्द हो गयी और सभी विधायक वापस सर्किट हाउस लौट आए थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ वंदना/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर