राष्ट्रीय परेड में भाग लेना गौरव की बात : राज्यपाल

देहरादून, 03 फरवरी (हि.स.)। राज्यपाल ले. ज. गुरमीत सिंह (सेनि) ने शनिवार को राजभवन में 75वें गणतन्त्र दिवस परेड में प्रतिभाग करने वाले एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया। उत्तराखंड से इस वर्ष की गणतंत्र दिवस में आयोजित परेड और अन्य गतिविधियों में 122 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया, जिसमें 46 लड़कियां भी शामिल रहीं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने एनसीसी 11 यूके बटालियन (गर्ल्स) मेजर शशि मेहता को भी सम्मानित किया। उन्होंने झांसी से दिल्ली तक की नारी शक्ति वंदन दौड़ में प्रतिभाग करते हुए 470 किलोमीटर की दूरी तय कर रिकॉर्ड बनाया। राज्यपाल ने इस असाधारण उपलब्धि के लिए मेजर शशि मेहता की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि गणतंत्र दिवस जैसे विशिष्ट समारोह में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ। यह आपके कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ निश्चय से संभव हो सका है। उन्होंने कहा की उत्तराखंड के एनसीसी कैडेट्स अन्य कैडेट्स की तुलना में अलग हैं आपका प्रशिक्षण और अभ्यास उत्कृष्ट है। राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी में सिखाये जाने वाले एकता और अनुशासन के मूल मंत्र को जीवन के अंतिम पग तक अपनाना चाहिए। कार्यक्रम में एनसीसी निदेशालय के अधिकारियों ने कैडेट्स के चयन प्रक्रिया से लेकर गणतंत्र दिवस कार्यक्रम तक की सभी गतिविधियों से राज्यपाल को अवगत कराया गया। इस दौरान राज्यपाल ने कैडेट्स से मुलाकात कर उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स सांस्कृतिक नृत्य के ज़रिए मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी।

राज्यपाल ने एनसीसी कैडेट्स को उनकी विभिन्न उपलब्धियों हेतु बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में एडीजी एनसीसी निदेशालय उत्तराखण्ड, मेजर जनरल अतुल रावत, डीडीजी एनसीसी ब्रिगेडियर बी.सी. बिष्ट, ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पी उप्रेती, समेत एनसीसी के अधिकारी-कर्मचारी एवं कैडेट्स उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती/रामानुज

   

सम्बंधित खबर