जगदलपुर : 11 फरवरी तक चलेगा भाजपा का गांव चलो अभियान, योजनाओं का करेंगे प्रचार प्रसार

जगदलपुर, 04 फरवरी(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का गांव चलो अभियान आज रविवार से आरंभ हुआ। 4 फरवरी से 11 फरवरी तक भाजपा के कार्यकर्ता गांव में डेरा डालेंगे, रात्रि विश्राम भी करेंगे और घर-घर सघन जनसंपर्क करते हुये राज्य व केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। आसन्न लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों में विजयी होने का लक्ष्य निर्धारित कर भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों में गांव चलो अभियान के माध्यम से पूरा फोकस कर रही है। गांव चलो अभियान के आज पहले दिन जिले के सभी 11 मण्डलों के ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे और बैठकों के बाद ग्रामीणों से मेल मुलाकात का काम आरंभ किया। गांव चलो अभियान के जिला संयोजक योगेन्द्र पाण्डेय, सह संयोजक वेदप्रकाश पाण्डेय व बलदेव मण्डावी ने भानपुरी व लोहण्डीगुड़ा के दूरस्थ गांव क्षेत्र का दौरा किया और कार्यकर्ता के साथ ग्रामीणों के संग बैठे व सीधा संवाद किया।

जिला संयोजक योगेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि गांव चलो अभियान में जिले के सभी गांव में भाजपा के कार्यकर्ता पहुंचेंगे व ग्रामीण भाईयों से जीवंत संपर्क स्थापित करेंगे। सभी 11 मण्डलों में भी गांव चलो अभियान को मूर्त रुप देने संयोजक व सहसंयोजक की नियुक्ति कर दायित्व सौंपा गया है। भाजपा के गांव चलो अभियान के आरंभ में प्रमुख रूप से बैदूराम कश्यप, नरसिंह राव, संतोष बघेल, नरसिंह ठाकुर, सुब्रतो विश्वास, सतीश सेठिया, परिस बेसरा, फूल सिंह सेठिया आदि सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर