वैज्ञानिक सोच से कैरियर संवारने का नजरिया रखें- रंजना साहू

धमतरी, 7 फरवरी (हि.स.)। जिला एवं संभाग स्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत् विज्ञान माडल प्रदर्शनी का आयोजन सेंट मेरी इंग्लिश स्कूल धमतरी में किया गया है। जिसमें वैज्ञानिक सोच के 397 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। उत्कृष्ट माडल राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदर्शित होगा। सात फरवरी की सुबह विज्ञान प्रदर्शनीय माडल के शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रंजना साहू ने विद्यार्थियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा मेक इन इंडिया पर विश्वास कर अपनी वैज्ञानिक सोच को साकार कर सकते हैं। खुद की तकनीक कला को निखारकर हम अपनी छोटी से बड़ी समस्या का समाधान निकाल सकते हैं। शिक्षक और पालकों का सहयोग महत्वपूर्ण है। एनआईएफ नई दिल्ली के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित प्रज्ञा ने कहा कि वैज्ञानिक सोच के विद्यार्थियों का ध्येय कैरियर कैसे संवारे ऐसा नजरिया होना चाहिए। बहुपयोगी विज्ञान माडल बनाकर दूसरे के लिए प्रेरणाश्रोत बने। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी एलडी चौधरी ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा और विद्यार्थियों के रचनात्मक सोच को व्यापक करने के उद्देश्य से माॅडल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। धमतरी में आयोजित विज्ञान मााडल प्रदर्शनी मे गरियाबंद जिले से 81, बलौदा बाजार से 122, धमतरी जिल से 194 कुल 397 प्रतिभागी अपने माडल का प्रदर्शन कर रहे हैं। चयनित माडल राज्य स्तरीय प्रदर्शन में जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बठेना के होनहार विद्यार्थियों ने राज्यगीत, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत का मनमोहक प्रस्तुति दी। इस मौके पर विजय साहू, बीईओ कुरुद आरएन मिश्रा, जिला समन्वयक देवेश सूर्यवंशी, सहायक संचालक लक्ष्मण राव मगर, बीईओ धमतरी अमित, तिवारी, बीईओ मगरलोड,मनीष ध्रुव, कमलेश कुमार ध्रुव, बीईओ नगरी कलीराम साहू आदि उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद दोपहर में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने कलेक्टर नम्रता गांधी कार्यक्रम स्थल पहुंची। उन्होंने विज्ञान माडल प्रदर्शनी के स्टालों को बारीकी से निरीक्षण कर विद्यार्थियों से बात की। माडलों के बार में जानकारी लेते हुए छात्र-छात्राओं का भी उत्साहवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर