भाजपा ने जम्मू व कश्मीर घाटी में गांव चलो अभियान तेज किया

जम्मू, 10 फ़रवरी (हि.स.)। पार्टी के गांव चलो अभियान को जारी रखते हुए बड़ी संख्या में भाजपा के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर में अभियान को तेज कर दिया। पार्टी कैडर ने ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों के वार्डों को कवर किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह कठुआ जिले के ब्लॉक डिंगा अंब की चिलख पश्चिमी पंचायत के गांव नोइनी पहुंचे। उन्होंने विभिन्न वर्गों और इससे संबंधित गांव के प्रमुख लोगों के साथ बातचीत की और कई विकासात्मक परियोजनाओं पर चर्चा की और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बात की। उन्होंने लाभार्थियों के जीवन पर कल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव के बारे में भी प्रतिक्रिया मांगी।

भाजपा महासचिव अशोक कौल के गांव चलो अभियान के तहत अनंतनाग जिले के सिरी गुफ़ारा गांव पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रमुख निवासियों ने कठिन मौसम की स्थिति में लंबी यात्रा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं, बीजेपी उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी ने इस अभियान के तहत जम्मू जिले के बूथ नंबर 119 का दौरा किया। भाजपा महासचिव और पूर्व एमएलसी विबोध गुप्ता ने जम्मू जिले के मदीन स्थित बूथ संख्या 135 और 136, पूर्व मंत्री एवं एनईएम प्रिया सेठी ने जम्मू जिले के बूथ नंबर 118 पर, पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा ने जम्मू दक्षिण जिले के बूथ संख्या 19, चट्ठा में और भाजपा के वरिष्ठ नेता मुनीश शर्मा ने जम्मू के रेशम घर कॉलोनी में बूथ नंबर 102 को कवर किया। इसी बीच भाजपा प्रदेश सचिव अरविंद गुप्ता ने रियासी जिले के गांव पैंथल, जम्मू जिला अध्यक्ष प्रमोद कपाही ने वार्ड नंबर 71 में पहुंचे।

घाटी में अभियान के सफल संचालन में योगदान देने के लिए कश्मीर के भाजपा नेताओं ने लगभग हर जिले को कवर किया। अभियान के तहत बीजेपी प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर पुलवामा जिले के पंपोर पहुंचे। बारामूला जिले में भाजपा नेता अनवर खान ने सीमावर्ती गांव ध्रांग का दौरा किया, हकीम ने बडगाम के वार्ड 6 का दौरा किया। बांदीपोरा में नासिर अहमद लोन ने हाजन में अभियान चलाया। ठाकुर अभिजीत जसरोटिया प्रवक्ता ने जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के सेसवां, बन, थाथी और चंदवां गांवों में अभियान चलाया।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर