तीन करोड़ बजट से बन रहे सिंचाई मुख्यालय के मुख्य द्वार में विलम्ब

लखनऊ, 13 फरवरी (हि.स.)। लखनऊ के सदर क्षेत्र स्थित उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के मुख्यालय को सुंदरता दिये जाने के लिए कुछ परिवर्तन किया जा रहा है। इसमें सिंचाई मुख्यालय के मुख्य द्वार को एक विशाल स्वरुप देने की योजना से कार्य चल रहा है। कार्य की गति की मध्यम गति होने के कारण मुख्य द्वार बनकर तैयार होने में विलम्ब है। मार्च 2024 वित्तीय वर्ष के समाप्त होने तक मुख्य द्वार के बनने की सम्भावना भी नहीं दिखती।

कार्यदायी संस्था लीलावती फर्म ने सिंचाई विभाग के मुख्यालय का मुख्य द्वार, दीवार, सड़क, भवन मरम्मत जैसे कार्य को अपने हाथ में लिया है। जिसमें मुख्यालय के गेट संख्या चार, पांच को तोड़कर द्वार बनाया जा रहा है। इसके लिए लीलावती फर्म अभी खम्भों के निर्माण कार्य करा रही है। खम्भों के निर्माण कार्य के बाद सड़क के चौड़ीकरण व दीवार निर्माण कार्य होगा। इस निर्माण कार्य के बीच में आ रहे कर्मचारी यूनियन के भवन, बैंक के पीछे के हिस्सों को भी तोड़ा जा सकता है, जिससे मुख्य द्वार के स्वरुप को एक बराबर रखा जा सके।

सिंचाई विभाग के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के निर्देश पर चल रहे सिंचाई विभाग के मुख्यालय के निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा हो रही है। विभागाध्यक्ष और प्रमुख अभियंता की देखरेख में कार्य को गति देने का प्रयास हो रहा है, बावजूद इसके कार्यदायी संस्था के अधिकारी गम्भीर नहीं है। जिसके कारण निर्माण कार्यों में गति नहीं हो पा रही है। वहीं कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार कहते हैं कि उनका प्रयास एक माह के भीतर सिंचाई विभाग के सम्पूर्ण कार्यों को पूरा करके दे देना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/मोहित

   

सम्बंधित खबर