अब ताजमहल के साथ नहीं, राम मंदिर के साथ तस्वीर लेंगे पर्यटक: भुबन पेगू

गुवाहाटी, 13 फरवरी (हि.स.)। भाजपा विधायक भुबन पेगू ने कहा है कि पहले देश-विदेश के जो पर्यटक दिल्ली में जाते थे, ताजमहल के साथ अपनी तस्वीरें खींचकर भारत की निशानी के रूप में ले जाते थे। यह हमारे लिए शर्म की बात थी, क्योंकि ताजमहल एक बादशाह के प्रेम की निशानी मात्र है। जबकि, अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर, विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन, विश्व स्तरीय हवाई अड्डा आदि का निर्माण कराकर भारत को गौरवान्वित कर दिया है। अब पर्यटक भारत की निशानी के रूप में राम मंदिर के साथ अपनी तस्वीर खिंचवाएंगे।

भाजपा विधायक ने आज विधानसभा के चालू बजट सत्र के सातवें दिन विपक्षी विधायकों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आज प्रत्येक महीने की 10 तारीख को महिलाओं के खाते में पैसे मिल जाते हैं। एक से बढ़कर एक चौड़ी सड़कें बनाई गई हैं। कंक्रीट पुल बनाए गए हैं। सड़कों की हालत अच्छी हो गई है। 498 करोड रुपए की लागत से कामाख्या कॉरिडोर बन रहा है। दीपर बिल में 100 करोड़ रुपए खर्च करके 30 किलोमीटर साइकलिंग ट्रैक के साथ ही अत्याधुनिक सुविधा तैयार करने पर एक सौ करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं।

उन्होंने कहा कि 3 हजार 500 करोड़ रुपए की लागत से गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज का निर्माण, 350 करोड रुपए लागत से नेहरू स्टेडियम, चंद्रपुर में एक वर्ल्ड क्लास स्टेडियम, 311 करोड रुपए चिड़ियाखाना पर खर्च हो रहे हैं। विश्वविद्यालय, स्कूल, कॉलेज आदि में निर्माण कार्य आदि अपने आप में विकास की बड़ी कहानी कहती है।

विधायक पेगू ने विपक्षी विधायकों द्वारा की जा रही बजट की आलोचना के संदर्भ में आज कहा कि असम के बजट की तुलना अमरीका और जापान के बजट से नहीं किया जा सकती है। हमारी सरकार टैक्स के पैसे से लोगों को खाना, दवा, शिक्षा, घर, रोजगार आदि देने की चेष्टा करती है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के जरिए सभी को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्य आजादी के 75 वर्ष बाद भी देश की इस स्थिति को लेकर चाहे सरकार की जितनी ही आलोचना करें, लेकिन सच्चाई यह है कि इन 75 वर्षों में से 65 वर्ष उन्हीं लोगों ने शासन किया था। यही वजह है कि आज देश इस स्थिति में है।

विधायक ने कहा कि आज लोगों को जमीन का पट्टा, मेडिकल कॉलेज या राशन कार्ड के लिए आंदोलन करने की जरूरत नहीं होती है। आज गैंडे की हत्या को रोकने के लिए आंदोलन नहीं हो रहा है। सरकार ने समाधान की यात्रा शुरू की है, जिसका लाभ सभी को मिलेगा। विधायक पेगू ने अपने संबोधन में जहां विपक्षी दलों की जमकर निंदा की, वहीं मौजूदा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास एवं जन कल्याणकारी कार्यों की विस्तार पूर्वक चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर