मथुरा : फिल्मी स्टाइल में घुसे बदमाशों ने दुल्हे को मार दी गोली, गंभीर

मथुरा, 15 फरवरी(हि.स.)। जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में बुधवार को बारात चढ़त के दौरान बदमाशों ने दूल्हे को गोली मार दी। गोली लगने से दूल्हा लहूलुहान होकर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को सीएचसी भेजा। हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।

नौहझील थाना क्षेत्र के फरीदमपुर निवासी निरंजन ने बेटी सोनम की शादी अलीगढ़ में तय की थी। बारात पिसवा थाना क्षेत्र के दमुआका गांव से आई थी। गांव निवासी रेखपाल के पुत्र गौरव के साथ शादी तय हुई थी। बुधवार को दोनों की शादी थी। चारों ओर खुशी का माहौल था। निरंजन ने शादी का कार्यक्रम रायपुर मार्ग स्थित कृष्णा मैरिज होम में रखा। रात बारात चढ़त के दौरान पांच-छह बदमाश गाड़ी में आए। वह सीधे मैरिज होम में घुसे और दूल्हे को गोली मार दी। दुल्हे को गोली जांघ में जा धंसी। इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली लगी देख बरातियों में भगदड़ मच गई।

सूचना पर इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया दूल्हे को मथुरा के लिए रेफर किया गया है। जांच की जा रही। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/राजेश

   

सम्बंधित खबर