मिड डे मील: विषाक्त भोजन करने से बीमार हुए 13 बच्चे

मिडडे मील: विषाक्त भोजन करने से बीमार हुए 13 बच्चे

मीरजापुर, 22 फरवरी (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय उमरिया में मिडडे मील के दाल में छिपकली पाई गई। विषयुक्त भोजन की आशंका में 13 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को हलिया स्थित चिकित्सालय लाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सभी बच्चों को स्वस्थ बताया।

गुरुवार को मिड डे मील के लिए विद्यालय में दाल और रोटी बनी थी। बच्चों को भोजन परोसा जा रहा था। कुछ बच्चें ने भोजन मिलते ही खाने में लग गए। इसी दौरान दाल के बर्तन में मरी हुई छिपकली दिखाई पड़ी। जिसे देखकर रसोईया चीख पड़ी। उसने दाल में छिपकली गिरने की जानकारी विद्यालय के अध्यापकों की दी। जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर जुट गए। बच्चों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले जाया गया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अवधेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को स्वस्थ बताया। थाना प्रभारी हलिया विष्णुप्रभा सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई थी। बताया गया कि खाना बनाते समय छत से छिपकली गिर गई होगी। बच्चों की हालत सामान्य है।

एमडीएम में लापरवाही पर प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित

मध्याह्न भोजन योजना में दायित्व का सही निर्वहन नहीं करने पर बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने प्राथमिक विद्यालय उमरिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक जनेश्वर सिंह पटेल को निलंबित कर दिया। बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्राथमिक विद्यालय उमरिया में एमडीएम भोजन करने के बाद 13 बच्चों की हालत बिगड़ने की खबर वायरल हुई थी। प्रकरण की जांच के लिए त्रिस्तरीय समिति गठित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/राजेश

   

सम्बंधित खबर