बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिला अपराध को लेकर नारेबाजी, राष्ट्रवादी पार्टी निकाली रैली

देहरादून, 25 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी की ओर से महिला व पुरुष कार्यकर्ताओं ने रविवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रेस क्लब से घंटाघर स्थित स्व. इंद्रमणि बडोनी के स्मारक तक रैली निकाली। कार्यकर्ता मूल निवास, भू-कानून, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व महिला अपराध, पुलिस को 4600 ग्रेड पे दिए जाने व अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने के मुद्दों पर नारेबाजी कर रहे थे।

घंटाघर स्थित स्मारक पर आकर रैली जनसभा में तब्दील हो गई। कार्यकर्ताओं ने स्व. इंद्रमणि बडोनी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियों से लगातार उत्तराखंड की जनता का मोह भंग होता जा रहा है। इसी का परिणाम है कि लोग लगातार राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। लगभग 150 महिलाओं और पुरुषों ने पार्टी की सदस्यता ली।

लोस चुनाव में उत्तराखंड की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी पार्टी-

प्रेस क्लब में आयोजित अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पंत ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। राष्ट्रीय महासचिव मनोज डोबरियाल ने कहा कि क्षेत्रीय दल को मजबूत करना बेहद जरूरी है। संरक्षक सुरेश चंद्र जुयाल ने आह्वान किया कि राष्ट्रवादी रिजनल पार्टी के बैनर तले एकजुट होकर उत्तराखंड के मुद्दों पर संघर्ष तेज किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज

   

सम्बंधित खबर