हरदा: पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट पीड़ितों के समर्थन में आज हरदा बंद

हरदा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के पीड़ितों के आह्वान पर आज हरदा नगर के बाजार बंद हैं। मृतकों के परिजन और पीड़ित परिवार तीन दिन से धरना दे रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि हमारे परिवार को न जाने किसकी नजर लगी, जो हम अपना घर-परिवार छोड़कर सड़क पर हड़ताल करने को मजबूर हैं, हम बिखर चुके हैं। जीवन भर की पूंजी खत्म हो गई। प्रशासन ने हमें सवा लाख रुपए दिए हैं। इतने से पैसे में हम दोबारा अपना घर कैसे बनाएं? हमें उचित मुआवजा दें और दोषी अफसरों पर केस दर्ज करें।

पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के पीड़ित शुक्रवार से शहर के घंटाघर चौक पर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। उनका कहना है कि तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी हमारा जीवन पटरी पर नहीं लौट पाया। भूख हड़ताल पर बैठने वालों में 6 लोग पीड़ित परिवार के और 6 शहर के अलग-अलग समाज के लोग शामिल हैं। धरने पर बैठी तीन महिलाओं की तबीयत शनिवार को बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित लोगों का कहना है कि उन्हें बाजार मूल्य के हिसाब से मकानों का मुआवजा दिया जाए या फिर जैसे हमारे मकान बने थे वैसे ही बनाकर दिए जाएं। क्योंकि बीते 20 दिनों से उन्हें आईटीआई कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर में रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर