पलामू में पुलिस जवान के खाली घर से सात लाख की चोरी

पलामू, 27 फ़रवरी (हि.स.)। स्पेशल ब्रांच में कार्यरत जवान राकेश कुमार के हाउसिंग कॉलोनी स्थित खाली घर में चोरी हो गयी। चोरों ने नगद दो लाख के अलावा पांच लाख के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय जवान और उनके परिजन अपने पैतृक गांव पिपरा प्रखंड क्षेत्र में गए हुए थे। इस संबंध में मामला दर्ज कराने के लिए मेदिनीनगर शहर थाना में जानकारी दी गयी है। पुलिस छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस जवान राकेश कुमार 24 फरवरी को अपने पैतृक गांव गए हुए थे। मंगलवार को लौटने पर बाउंड्री गेट का ताला खोलकर जैसे ही अंदर घुसे मुख्य गेट के ग्रिल में लगे ताले को टूटा देखा। अंदर कमरे में जाने पर देखा कि सारे सामान बिखरे पड़े हैं। कमरे में रखा आलमीरा हॉल में पड़ी हुई थी। ट्रंक के ताले टूटे हुए थे। छानबीन करने पर दो लाख रूपए नगद और शादी के समय पत्नी के बनाए गए जेवरात व अन्य कीमती सामान करीब पांच लाख रुपए के गायब पाए गए।

जवान ने इस संबंध में शहर थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी, जहां घटना हुई, उसके आसपास कई घर हैं, लेकिन वहां रहने वाले लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। बगल में टीओपी 3 भी स्थापित है। बावजूद घटना के समय या इसके बाद कोई जानकारी सामने नहीं आई।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर