मुख्यमंत्री ने अम्बेडकरनगर में 2,122 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

अम्बेडकरनगर, 14 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां 2,122 करोड़ की 4,977 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने दो निजी औद्योगिक विकास परियोजनाओं का शुभारम्भ करते हुए विपक्ष पर करारा हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार सुरक्षा समृद्धि और लोक कल्याण का कार्य करती है। आपने पिछले दस वर्ष में बदलते भारत को देखा है। पहले देश में पहचान का संकट था। दुनिया में सम्मान नहीं था। आतंकवाद, नक्सलवाद की चपेट में था। आज दस वर्षों में सुरक्षा, सम्मान और आजीविका की सुरक्षा हो रही है और अयोध्या में आस्था का सम्मान हो रहा है। अगर डबल इंजन की सरकार नहीं होती तो क्या 56 लाख गरीबों को मकान मिल पाते, सपा बसपा की सरकारों में ये हो पाता। आज चाचा-भतीजे में जंग लगी हुई है। भर्ती निकलती थी तो वसूली के लिए निकल जाते थे।

आज प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को फ्री राशन और स्वामित्व अधिकार दे रहे हैं। आज सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है। आज अम्बेडकरनगर में 6 हजार करोड़ के निवेश आये, इसका मतलब सीधा 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब संवेदनशील सरकार होती है तो आपको बिना भेदभाव लाभ देती है। आज जो विकास कार्य हो रहे हैं वो पहले नहीं हो पाया। आपने जब डबल इंजन की सरकार बनाई तो असर साफ दिख रहा है। सपा, बसपा के सत्ता में रहते राम मंदिर नहीं बना पाता। सपा तो आपके जनपद का नाम भी हटा देना चाहती थी। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाते हुए समाजवादी पार्टी को दलित विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी दलित विरोधी है। यही सपा है जिसने गेस्ट हाउस कांड किया था।

आज भगवान के भक्तों को आवास मिला, फिर उनको भगवान का दर्शन भी करवाया गया है। आज युवाओं के सशक्तीकरण के लिए टैबलेट, स्मार्टफोन दिए जा रहे हैं। आज फैमिली आईडी कार्ड की योजना से सबको जोड़ा जा रहा है। जब सरकार में बैठे लोग परिवार के बारे में ही सोचते हैं तब ही गरीबों की योजनाओं में डकैती पड़ती है। आज मोदी जी कहते हैं कि 140 करोड़ की जनता ही मेरा परिवार है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि अम्बेडकरनगर में 2014 के पहले माफिया गरीबों की सम्पत्ति पर कब्जा करते थे। पर्व त्योहार पर उपद्रव करते थे। आज उन्हें पता है कि बहन बेटियों पर हाथ डाला तो अगले चौराहे पर यमराज उनका इंतजार कर रहे हैं। आज गरीबों के हक पर डाका डाला तो उन्हें जीने का अधिकार नहीं है। इस मौके पर खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव और अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप/पवन

   

सम्बंधित खबर