सफाई कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी

धौलपुर , 15 मार्च (हि.स.)। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन तथा संयुक्त बाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के आव्हान पर धौलपुर जिले में सफाई कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा।

संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कार्य बहिष्कार जारी रखते हुए सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को एक मांग पत्र सौंपा। पांच सूत्रीय मांग पत्र में धौलपुर जिले के सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की मांग की गई है।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मोहन सिंह थनवार ने बताया कि अपनी मागों के संबंध में 7 मार्च को सफाई कर्मचारियों ने ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में उनकी मांगें तीन दिन में पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। मांगों के नहीं माने जाने पर बुधवार शाम से सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी की भर्ती मस्टरोल के आधार पर एक वर्ष का कार्य पूरा करने के बाद ही होनी चाहिए।

सफाई कर्मचारी संघ के नेता विनोद कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारी भर्ती 2024 में आरक्षण बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही आचार संहिता के नाम पर भर्ती को नहीं रोका जाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान बडी संख्या में महिला एवं पुरूष सफाईकर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर