जो मुस्लिम देश-प्रदेश में शांति और विकास चाहता है, वहीं भाजपा के साथ है : दयाशंकर सिंह

मथुरा, 24 मार्च (हि.स.)। उप्र के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह रविवार को मथुर पहुंचे है। यहां उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने में पीछे नहीं है। जो मुस्लिम प्रदेश-देश में शांति और विकास चाहता है। वह भाजपा के साथ हैं। मुस्लिम महिलाएं, तीन तलाक कानून के आने के बाद भाजपा के पक्ष में हुई हैं। पिछली बार मुस्लिम बाहुल्य बूथों से जो आंकड़ा भाजपा के पक्ष में सामने आया था। इस बार उससे दोगुना आंकड़ा सामने आएगा। सभी राजनीतिक दलों के गणित मुस्लिम मतदाताओं को लेकर फेल होंगे।

उप्र के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने रविवार सुबह बांके बिहारी के दर्शन किए। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद वह सीधे भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी से मिलने पहुंचे। यहां काफी देर तक बंद कमरे में चुनावी चर्चा हुई। होली की शुभकामनाओं के साथ समाप्त हुई बैठक के बाद परिवहन मंत्री ने कहा कि मुस्लिम मतदाता पूरी तरह से भाजपा के साथ है। आज देश में दंगे नहीं होते। महिलाओं को तीन तलाक की प्रताड़ना नहीं झेलनी पड़ रही। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि काशी, अयोध्या, चित्रकूट, गोरखपुर, हरिद्वार को बस रूट से जोड़ने का प्लान तैयार कर लिया है। धार्मिक पर्यटकों के लिए वोल्वो बसों का संचालन किया जाएगा। चुनाव के बाद इस योजना को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को लेकर कहा कि भाजपा सरकार ने धार्मिक पर्यटन क्षेत्र में विकास किया है। इसी विकास का नतीजा है कि लोग अब गोवा की बजाय काशी और ब्रज में घूमना अधिक पसंद कर रहे हैं। रही बात श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे की तो यह मामला कोर्ट में प्रचलित है। पक्षकारों के साथ पर्याप्त साक्ष्य हैं। कोर्ट साक्ष्यों के आधार पर उचित निर्णय देगी।

दयाशंकर सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि चुनावी एजेंडा नहीं, बल्कि आस्था का केंद्र है। भाजपा व हर हिंदु की आस्था इससे जुड़ी है। भाजपा धार्मिक विकास के नाम पर वोट मांग रही है। कोई एजेंडा नहीं चला रही। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ के बेहद खास माने जाते हैं। सीएम 27 को मथुरा आ रहे हैं। यहां प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। परिवहन मंत्री के एकाएक इस दौरे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वह स्थानीय कार्यकर्ताओं का चुनाव के प्रति मन टटोल गए हैं। कुछ नाराजों की सूची भी बनाकर ले गए हैं। इस सूची को सीएम के समक्ष पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/आकाश

   

सम्बंधित खबर