सामूहिक दुष्कर्म की पीड़ित महिला का शव कुएं में मिला

कांकेर, 26 मार्च(हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर नगर के कुएं में बीती रात एक युवती का शव मिला है। इसकी सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला। आज मंगलवार सुबह मृतका की शिनाख्त भानुप्रतापपुर में वर्ष 2021 में हुए सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित के रूप में की गई है। क्षेत्रवासी इस घटना को आत्महत्या मानने से इंकार कर रहे हैं। हालांकि मृतका के परिजनों ने इस मामले में कुछ बयान नहीं दिया है।

उल्लेखनीय है कि मृतका के साथ भानुप्रतापपुर में वर्ष 2021 में हुए सामूहिक दुष्कर्म हुआ था।इस सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक उपनिरीक्षक सहित कुल 05 लोगों पर अपराध दर्ज किया गया था, जिसमें 04 लोगों को न्यायालय ने बरी कर दिया है। एक आरोपित उपनिरीक्षक अभी जमानत पर है। चार आरोपितों को बरी किए जाने के विरुद्ध राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय में अपील की है। वहीं आरोपित उपनिरीक्षक को तत्कालीन सरकार ने पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर