रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कसा तंज

पटना, 31 मार्च (हि.स.)। बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली पर हमला बोला है। उन्होंने रविवार को तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई होने से देश का विपक्ष बौखलाया हुआ है। इसलिए एक भ्रष्टाचारी को बचाने के लिए सारे भ्रष्टाचारी रामलीला मैदान में एकजुट हुए हैं।

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि रामलीला मैदान के मंच पर बैठे विपक्ष के ज्यादातर नेताओं पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप हैं और कई नेता जमानत पर बाहर घूम रहे हैं। ईडी ने अरविन्द केजरीवाल को पूछताछ के लिए नौ समन जारी किए थे लेकिन उन्होंने कानून की धज्जियां उड़ाते हुए सारे समन को नजरअंदाज किया और जांच में सहयोग नहीं की। उच्च न्यायालय ने अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। चुकी सारा विपक्ष भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है, इसलिए ये लोग भ्रष्टाचारी का समर्थन में उतर गए हैं।

कुशवाहा ने कहा कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में जेल में बंद अरविन्द केजरीवाल ने अब तक पद से इस्तीफा नहीं दिया है। यह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत नहीं है। सत्ता की लोलुपता में विपक्ष लोकतंत्र की मूल्यों को रौंद रहा है। इस तरह की निम्न स्तरीय राजनीति से भारत का महान लोकतंत्र कलंकित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर