अवैध हथियार के साथ छह धराए, विश्रामपुर से चार-पड़वा से दो की गिरफ्तारी

पलामू, 1 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव को लेकर अवैध हथियार बेचेने, साथ लेकर चलने सहित अन्य गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज है। इसी क्रम में पलामू जिले की विश्रामपुर और पड़वा थाना पुलिस ने सोमवार को अवैध हथियार रखने के आरोप में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। विश्रामपुर इलाके से चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है वही पड़वा इलाके से दो पकड़े गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा और गोलियां बरामद की है।

विश्रामपुर के नावाडीह कला ओपी की पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी क्रम में एक बाइक पर तीन युवक जा रहे थे। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस ने युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवकों के पास से एक अवैध हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवकों में पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले शुभम कुमार, गढ़वा के चेतना के रहने वाले कमलेश कुमार चंद्रवंशी, बिहार के भोजपुर के पीरो के रहने वाले पीयूष राज और गढ़वा के सोनपुरवा के गोल्डी कुमार को गिरफ्तार किया। विश्रामपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार चौबे ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में आगे की छानबीन कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

उधर, पलामू के पड़वा थाना की पुलिस को सूचना मिली थी कि कठौतिया के इलाके में कुछ युवक हथियार के साथ घूम रहे हैं और बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पड़वा थाना प्रभारी चंद्रशेखर यादव के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की गई और मौके से प्रवेश सिंह और नितेश सिंह नामक युवक को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया है। दोनों युवकों से पूछताछ की गई है, जिसके बाद कई जानकारियां निकलकर सामने आई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर