पाली में रात डेढ़ बजे कांपी धरती, 3.7 रिएक्टर रही तीव्रता

पाली, 6 अप्रैल (हि.स.)। पाली में शुक्रवार देर रात को भूकम्प का झटका महसूस हुआ। इसका असर सादड़ी सहित आस-पास के कई गांवों में देखने को मिला। आधी रात के बाद अचानक भूकम्प का झटका महसूस होने पर लोग घरों से बाहर निकलकर आ गए। भूकम्प का झटका शुक्रवार रात एक बजकर 29 मिनट पर महसूस हुआ। इसका केंद्र बिन्दु पाली जिला मुख्यालय से 71 किलोमीटर दूर पिपला गांव (सादड़ी) माना गया है। अचानक रात को भूकम्प आने से लोगों को घरों की खिड़कियां और पंखें हिलते हुए नजर आए। इससे डरकर लोग घरों से बाहर निकल आए।

भूकम्प के झटकों का असर देसूरी, सादड़ी, घाणेराव, मुंडारा, नारलाई, नाडोल, आना सहित आस-पास के गांवों में देखने को मिला। जियोलॉजिकल रिसर्चर नीलेश पुरोहित ने बताया कि पूरी धरती पर पिछले चार-पांच दिनों से टेक्टोनिक प्लेट्स में भारी मूवमेंट हो रही है। जापान से लेकर न्यूयॉर्क तक दुनियाभर में फाल्ट लाइन्स के करीब भूकंप के झटके लग रहे हैं। यह झटके आगामी कुछ दिन तक जगह-जगह पर महसूस होते रहेंगे जब तक पाताल में टेक्टोनिक प्लेटस दोबारा सैटल नहीं हो जाती। पाली में शुक्रवार देर रात आया भूकंप अरावली बेल्ट के बेहद करीब था। पीपला गांव में देर रात रिएक्टर स्केल पर 3.7 रिएक्टर का भूकंप रिकॉर्ड हुआ। भूकंप के तार ज़मीन के भीतर इडो ऑस्ट्रेलियन टेक्टोनिक प्लेट्स से जुड़े है, जो पूर्वोत्तर में पेसिफिक प्लेट्स के साथ बुरी तरह टकरा रही हैं। इंडियन प्लेट्स जो हिमालय से लेकर नीचे हिंद महासागर तक फैली है उसे ऑस्ट्रेलियाई प्लेट्स से झटका मिल रहा है, जिस वजह से भारत में फाल्ट लाइन्स एक्टिव हो गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर