भूपेन बोरा के नेतृत्व में कांग्रेस शून्य होगी: पीयूष

गुवाहाटी (असम), 06 अप्रैल (हि.स.)। असम सरकार के सूचना जनसंपर्क आदि मामलों के मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी शून्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भूपेन बोरा हमेशा ही कपोल कल्पना में डूबे रहते हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का अंत हो गया है।

मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बोरा के नेतृत्व में एक भी सीट जीतने वाली नहीं है। ऐसे व्यक्ति से समाज का कोई लाभ नहीं होता है जो कपोल कल्पना में डूबा रहे।

मंत्री हजारिका आज एक चुनावी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के एजेंडे पर राजनीति करती है। जनता से जो भी वादे किए गए, सभी पूरे किए गए हैं। आज पूरी जनता भाजपा के साथ है। एक के बाद एक कांग्रेस नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेताओं की वजह से ही कांग्रेस पार्टी की आज यह दुर्गति हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर