उपचार के दौरान महिला व बच्चे की मौत

बदायूं

बदायूं, 06 अप्रैल(हि.स.)। जिले में शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र में निजी डॉक्टर के यहां उपचार के दौरान एक महिला और एक 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे और महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इलाज करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

पहली घटना दातागंज कोतवाली इलाके के देयोरी गांव की है। यहां के रहने वाले अशोक अपने 12 साल के बेटे अनमोल को तबीयत बिगड़ने पर एक निजी डॉक्टर के यहां लेकर गए थे। डॉक्टर ने अनमोल को दवाई दी और इंजेक्शन भी लगाया। जिससे अनमोल की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। देखते ही देखते कुछ देर में अनमोल की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा और पुलिस को सूचना देकर कार्यवाही की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी घटना उघैती थाना क्षेत्र के महानगर गांव की है। यहां के रहने वाले वीरेश अपनी मां प्रेमवती को एक निजी डॉक्टर के यहां बुखार की दवाई दिलवाने ले गए थे। दुकान पर डॉक्टर ने प्रेमवती को इंजेक्शन लगा दिया इंजेक्शन लगते ही प्रेमवती को ठंड लगने लगी और वह जमीन पर गिर गई। डॉक्टर और घर वाले कुछ भी समझ पाते उससे पहले प्रेमवती की मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टर मौके से भाग गया और वहीं हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

थाना अध्यक्ष राजेश कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद सिंह

   

सम्बंधित खबर