भाजपा को मिलने वाला हर वोट प्रधानमंत्री मोदी को ताकत देगा : धामी

Every vote that BJP gets will give strength to Prime Minister Modi– DhamiEvery vote that BJP gets will give strength to Prime Minister Modi– Dhami

रुद्रपुर (उधमसिंह नगर), 06 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को जनता का मिलने वाला हर वोट सीधा प्रधानमंत्री को जाएगा, जिससे उनकी ताकत बढ़ेगी। मुख्यमंत्री शनिवार को खटीमा के बंडिया में ’जनमिलन कार्यक्रम’ को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने खटीमा के लोगों से अपने संबंधों का जिक्र किया और कहा कि खटीमा के लोगों, क्षेत्रों से उनका सीधा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि खटीमा विधानसभा अपने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए नैनीताल लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में सबसे अधिक वोट देने जा रही है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं जनता जनार्दन के आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है।इस बार हर कोई कह रहा है कि मोदी जी की सरकार बनने जा रही है लेकिन इस बार प्रश्न भाजपा के पक्ष में 400 से अधिक सीटें लाने का है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में हम सभी ने सहायक सिद्ध होना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का मतलब चौतरफा विकास रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, बच्चों का सुरक्षित भविष्य, सुविधाएं का विस्तार मिलने से है। उन्होंने कहा 2014 के बाद से भारत के स्वर्णिम काल की शुरुआत हुई है। भारत बुलंदियों तक पहुंच रहा है, हर क्षेत्र में भारत का मान,सम्मान, स्वाभिमान, पहचान बढ़ रही है। विदेशो में रहने वाले भारतीयों का भी गौरव बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कश्मीर से अनुच्छेद 370 का खात्मा हुआ है। देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू हो गया है। तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को मुक्ति मिली है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का दिव्य व भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया गया है। सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून लागू किया गया है। सरकारी नौकरी में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का सफल आयोजन किया गया। 3.5 लाख करोड़ के एमओयू हुए, जिसमें से 25 हज़ार करोड़ के एमओयू उधमसिंह नगर जिले में हुए है। 18 हज़ार करोड़ की ग्राउंडिंग में काम शुरू हो गया है। इससे युवाओं के लिए घर के पास रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दस वर्ष के कार्यकाल में सबसे बड़ा कार्य गरीब कल्याण का किया है पर विपक्ष ने हमेशा परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा यह चुनाव राष्ट्र प्रथम और परिवार प्रथम की बात करने वालों के बीच का चुनाव है। उन्होंने कहा भाजपा राष्ट्र प्रथम चाहती है पर विपक्ष परिवार प्रथम चाहता है।उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी भ्रष्टाचारियों को जेल में डालने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र दिया है। जबकि विपक्ष भ्रष्टाचार का पक्षधर है। कांग्रेस के करप्शन वाले काले हाथ ने हमेशा उत्तराखंड को पीछे धकेलने का काम किया है। कांग्रेस और इनके नेता देवभूमि और देश के लिए केवल समस्या हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने वोट की चोट से विपक्ष को अहसास दिलाना है कि इन्होंने देश और उत्तराखण्ड के साथ कितना बड़ा धोखा किया है। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल को विकसित उत्तराखंड विकसित भारत के लिए भाजपा उम्मीदवार अजय भट्ट जी को अधिक से अधिक मत देने हैं।

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री अजय भट्ट, जिला अध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, श्री उत्तम दत्ता, सोमनाथ मौर्य, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजय आहूजा/रामानुज

   

सम्बंधित खबर