मुख्यमंत्री धामी बोले- 'कांग्रेस' की सोच देश का बंटवारा, 'मोदी' का संकल्प विकसित भारत

मुख्यमंत्री धामी बोले- ‘कांग्रेस’ की सोच देश का बंटवारा, ‘मोदी’ का संकल्प विकसित भारत

देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस की सोच है कि देश का बंटवारा हो जाए, पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कश्मीर से कन्याकुमारी, अटक से लेकर कटक तक पूरे देश को जोड़ने का काम कर रहे हैं। वर्ष 2014 के बाद मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। विश्व पटल पर भारत का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। जब विदेश की धरती में प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान होता है तो प्रत्येक भारतवासी का सम्मान होता है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को डिग्री कॉलेज मैदान चौबट्टाखाल पौड़ी में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी के पक्ष में आयोजित सभा में भाजपा के पक्ष में मतदान कर मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनसमर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने से राजस्थान का क्या लेना देना ? कल यही राष्ट्रीय अध्यक्ष कहेंगे उत्तराखंड का क्या लेना है ? मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। कश्मीर को बचाने के लिए उत्तराखंड से, पौड़ी से, चौबट्टाखाल से कई वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है।

धर्म-संस्कृति-सभ्यता को बदनाम करती है कांग्रेस

धामी ने कहा कि कांग्रेस नेता उत्तराखंड की शान बलिदानी सीडीएस जनरल बिपिन रावत को गाली देते हैं। कांग्रेस के लोग सनातन धर्म का विरोध करते हैं। धर्म-संस्कृति-सभ्यता को बदनाम कर इसके साथ खिलवाड़ करते हैं।

मोदी के विरोध में बना ठगबंधन, परिवारवाद को बढ़ावा देना इनकी मंशा

मोदी के विरोध में सभी विपक्षियों ने ठगबंधन बनाया है। ठगबंधन के लोग कहते हैं परिवारवाद को बढ़ाना है। कांग्रेस ने सात दशक तक देशवासियों से झूठ बोलने का काम किया है। हर वर्ग के लिए घोषणाएं और वादे किए, परंतु वो वादे सिर्फ चुनाव तक ही सीमित रहे। कांग्रेस के लोग चुनाव में लोगों को बरगलाने और झूठे सपने दिखाने आते हैं।

देश के साथ अन्याय करने वाली कांग्रेस का न्याय पत्र झूठा सपना

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घोषणापत्र में जिन 10 गारंटियों की बात की है, उन्हें कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल में लागू नहीं कर पाए हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस को लोगों ने बाहर का रास्ता दिखाया है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र को ‘न्याय पत्र’ नाम दिया है परंतु कभी इन्होंने देश, उत्तराखंड, गढ़वाल के लोगों के साथ न्याय नहीं किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/आकाश

   

सम्बंधित खबर