मुख्यमंत्री यादव ने चैत्र नवरात्र, गुडी पड़वा और हिंदू नववर्ष पर प्रदेश वासियों को दी शुभकामनाएं

भोपाल, 9 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चैत्र नवरात्र, गुडी पड़वा और हिंदू नववर्ष पर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए लिखा आस्था, श्रद्धा, शुभत्व और माँ अम्बे की कृपा के पावन पर्व चैत्र नवरात्रि की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं! आदिशक्ति देवी दुर्गा के प्रथम स्वरूप माँ शैलपुत्री की कृपा आप सभी पर बनी रहे, सबका मंगल एवं कल्याण हो, हर घर-आँगन में खुशहाली एवं आनंद की वर्षा हो, यही कामना करता हूँ। ।। जय माता दी।।

एक अन्य संदेश के माध्यम से सीएम डॉ यादव ने भारतीय हिंदू नववर्ष पर बधाई देते हुए कहा भारतीय हिन्दू नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत २०८१ की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! यह नव वर्ष नई ऊर्जा, नई उम्मीद एवं नई सफलता का संदेश लेकर आए। आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि बढ़े और आपकी समस्त मनोकामनाएं पूर्ण हों, यही बाबा महाकाल से प्रार्थना है।

गुड़ी पड़वा पर्व के शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा नवीनता, नए उत्साह एवं उल्लास के पावन पर्व गुड़ी पड़वा की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकृति संरक्षण, मानवता और सेवा के समन्वय से लोककल्याण का संदेश देता ये पर्व आप सभी के जीवन को उत्तरोत्तर नई ऊर्जा प्रदान करे, बाबा श्री महाकाल जी से यही कामना करता हूं।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मयंक

   

सम्बंधित खबर