उप्र में तेज आंधी के साथ हुई बारिश, तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

कानपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बीते तीन दिनों से मौसमी गतिविधियां बनी हुई हैं । कभी आसमान बादलों से घिर जाता है तो कभी तेज धूप भी निकल आती है। यह सब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और हवाओं की बदल रही दिशाओं से हो रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकी। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तीन दिन इसी तरह बारिश के साथ आंधी, मेघ गर्जन, और ओलावृष्टि की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि दक्षिण-पूर्व राजस्थान से लेकर मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कोंकण होते हुए तटीय कर्नाटक के उत्तरी हिस्सों तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक ट्रफ/हवा का विच्छेदन बना हुआ है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य महाराष्ट्र पर है।

पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जाता है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। लगभग 30° उत्तर अक्षांश के 66 डिग्री पूर्व उत्तर में देशांतर के साथ चल रहा है। मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव हो गया। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और दूसरे पहर धूल भरी आंधी चलने लगी। आंधी से मकानों व झोपड़ियों में लगी टीनशेड दूर जा उड़ी। इसके साथ ही हल्की बारिश भी हुई जिससे मौसम सुहाना हो गया, हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। इस तरह का मौसम अभी तीन दिन बने रहने की संभावना है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 38.2 और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 47 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 25 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 5.1 किमी प्रति घंटा रही और दूसरे पहर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, धूल भरी आंधी, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर