विषम परिस्थितियों में प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के सामने भारत को दिलाई विशेष पहचान : गौतम

हल्द्वानी, 11 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में दुनिया के सामने देश की अलग ही छाप छोड़ी है। कोरोना जैसी महामारी के दौरान वैक्सीन तैयार कर करोड़ों लोगों की जान बचाई और विश्व के अनेक देशों को भी वैक्सीन बांटी।

गुरुवार को भाजपा संभाग कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत गौतम ने कहा कि देश में जहां चहुंमुखी विकास हो रहा है वही उत्तराखंड के विकास में प्रधानमंत्री मोदी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। उनके नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मान नागरिक संहिता कानून बनाया। इसके साथ ही महिला आरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे विषयों पर अनवरत विकास करना आरंभ किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल लाइन निर्माण, सड़कों का जाल बिछाया है। अनेक विकास कार्यों के लिए भाजपा सरकार निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भी उत्तराखंड का ही है। प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है ऐसे में निश्चित तौर पर उत्तराखंड का भरपूर विकास होगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट,प्रदेश सह मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट, मीडिया प्रभारी भुवन भट्ट, भुवन जोशी आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/रामानुज

   

सम्बंधित खबर