लोकसभा चुनाव : शहर की सबसे ऊँची बिल्डिंग के टेरिस से मतदाता जागरुकता की शपथ

vote

रायपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा निर्वाचन के तहत मतदाता जागरुकता कार्यक्रम में आज शुक्रवार को व्यय प्रेक्षक आस्थानंद पाठक ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की टेरिस से जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता जागरुकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष सिंह, नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप उपस्थित थे।

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की टेरिस पर हजारों की संख्या में शुक्रवार को अधिकारी व कर्मचारी मतदाता जागरुकता की शपथ ली। इस अवसर पर दिव्यांग, तृतीय लिंग समुदाय और मुकबधिरों मतदान के लिए संदेश दिया। साथ ही सबसे अधिक उम्र के मतदाता कन्हैया राम बंछोर ने भी मतदाता जागरुकता का संदेश दिया। साथ ही नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया और इस अवसर पर अधिकारी- कर्मचारियों ने एक स्वर में मतदाता जागरूक के संदेश का नारे भी लगाए। पूरा टेरिस मतदाता जागरुकता के संदेश से गूंज उठा।

व्यय प्रेक्षक पाठक ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की जा रही है। मतदान के लिए जागरूक करने शत-प्रतिशत लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मतदान केंद्रों में सारी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई है। हमारे पूर्वजों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के बाद मतदान का अधिकार मिला है। हमें ब्रिटिश काल में मतदान के अधिकार नहीं थे। कुछ संघर्ष के बाद सीमित लोगों को अधिकार दिए गए। उसके बाद संघर्ष किया गया और स्वतंत्रता के बाद सभी वर्ग के लोग को यह अधिकार मिला है। इसलिए हमें इसे अधिकार समझते हुए अवश्य मतदान करना होगा। अधिक से अधिक लोग मतदान केंद्रों में पहुंचकर मताधिकार का उपयोग करें और मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करने में भूमिका अदा करें। साथ ही दूसरों को मतदान करने के लिए भी प्रेरित करें।

कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह ने कहा कि आज मतदाता जागरुकता के लिए शपथ लेने का नया कीर्तिमान बनाया जा रहा है। अधिकारी-कर्मचारी के अलावा गांव-गांव में नरेगा मजदूर, स्कूल-काॅलेज के शिक्षक सहित स्वयं सेवी संस्थाओं के कर्मचारियों के द्वारा मतदाता जागरुकता की शपथ दिलाई गई। डाॅ. सिंह ने कहा कि अधिक से अधिक लोग मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदान करें। मतदान केंद्रों में सारी बुनियादी सुविधाओं का ख्याल रखा गया है। कर्मचारियों की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया है। मतदाता जागरुकता के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है और मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए मोटरसाइकिल रैली, स्वीप एक्सप्रेस के माध्यम से भी मतदाता जागरुकता का संदेश दिया जा रहा है।

एसएसपी संतोष सिंह ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिक से अधिक मतदान जरूरी है। मतदाता जागरुकता का संदेश हर तरफ हो, इसके लिए आयोजन किए जा रहे है। लोकतंत्र की भागीदारी में मतदान आवश्यक है। मतदाता जागरुकता के इस आयोजन के लिए प्रशासन की टीम को धन्यवाद देता हूं।

हिन्दुस्थान समाचार/ गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर